कलेक्टर विनय लंगेह ने समय-सीमा की बैठक ली, धान खरीदी और मतदाता पुनरीक्षण की कड़ी समीक्षा

महासमुंद। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सोमवार सुबह 10 बजे समय-सीमा की बैठक लेकर जिले में चल रहे प्रमुख कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने विशेष रूप से धान खरीदी, मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम और अन्य सरकारी योजनाओं की प्रगति पर अधिकारियों को स्पष्ट और समयबद्ध निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर ने समर्थन मूल्य पर जारी धान खरीदी की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सभी नोडल अधिकारियों को निर्देश दिए कि उनके अधीन सभी उपार्जन केंद्र पूरी तरह चालू रहें। साथ ही केंद्रों में किसानों के लिए आवश्यक सुविधाएँ – जैसे तौल मशीनें, नमी जांच, मिलान पर्ची व्यवस्था, ऑनलाइन एंट्री और सीसीटीवी निगरानी – सही ढंग से संचालित हों।
उन्होंने कहा कि धान खरीदी नीति के 29 बिंदुओं की चेकलिस्ट के अनुसार सभी तैयारियों का पालन सुनिश्चित किया जाए ताकि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। कलेक्टर ने सभी नोडल अधिकारियों को अपने-अपने केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने और टोकन, स्टेकिंग आदि की जानकारी रखने के निर्देश दिए।
अवैध धान परिवहन रोकने को लेकर भी उन्होंने सभी 16 चेकपोस्टों पर कड़ी निगरानी रखने और जरूरत पड़ने पर नए चेकपोस्ट खोलने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अवैध परिवहन में पकड़े जाने वाले वाहनों को तुरंत सीज कर कार्रवाई की जाए तथा जब्त धान को अनिवार्य रूप से थाना में जमा कराया जाए।
मतदाता विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की समीक्षा में कलेक्टर लंगेह ने सभी एआरओ और ईआरओ को गणना पत्रकों एवं घोषणा पत्रों के तेज़ी से डिजिटलाइजेशन के निर्देश दिए। जिले के 1083 बीएलओ लगभग सभी फॉर्म वितरित और संग्रहित कर चुके हैं तथा अब तक 60% डिजिटलाइजेशन पूरा हो चुका है। उन्होंने ग्रामीण इलाकों में सचिवों को बीएलओ की सहायता करने के लिए भी निर्देशित किया।
कलेक्टर ने बताया कि शहरी क्षेत्रों में मतदाता सहायता केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं, जिससे फॉर्म संकलन और डिजिटाइजेशन में लोगों को सहायता मिलेगी।
अंत में, उन्होंने मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जन चौपाल और राजस्व मामलों की भी समीक्षा की और अधिकारियों से प्राप्त शिकायतों और मांगों का गुणवत्तापूर्ण व समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।





