बीजापुर चेकपोस्ट पर 765 क्विंटल धान जब्त: तेलंगाना से रायपुर-दुर्ग ले जाए जा रहे तीन ट्रकों पर बड़ी कार्रवाई, दस्तावेज न मिलने पर रोका गया परिवहन

बीजापुर जिले के तारलागुड़ा चेकपोस्ट पर जिला प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध परिवहन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन ट्रकों से कुल 765 क्विंटल धान जब्त किया। ये सभी ट्रक तेलंगाना से छत्तीसगढ़ आ रहे थे, लेकिन जांच के दौरान न तो कोई वैध परिवहन दस्तावेज मिले और न ही डिलीवरी ऑर्डर दिखाया जा सका। जिस पर अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों वाहनों को जब्त कर थाना प्रभारी की सुपुर्दगी में भेज दिया।
पूछताछ में ट्रक चालकों ने बताया कि यह धान तेलंगाना के मुलगु जिले से ‘पेन सीड्स’ नामक संस्था के माध्यम से रायपुर और दुर्ग भेजा जा रहा था। हालांकि, इस दावे को प्रमाणित करने के लिए चालक कोई भी वैध कागज प्रस्तुत नहीं कर सके। प्रशासन ने इसे समर्थन मूल्य पर खरीदी प्रणाली में गड़बड़ी की आशंका मानते हुए इसे गंभीर मामला माना।
जिला प्रशासन इस समय सीमावर्ती इलाकों में धान के अवैध परिवहन पर निगरानी बढ़ा चुका है, ताकि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी रहे। इसी अभियान के तहत 24 नवंबर को यह पकड़ की गई, जिसमें तीनों ट्रकों से धान की बड़ी मात्रा बरामद की गई।
जब्त धान का विवरण इस प्रकार है—
• ट्रक TS05UA2034 से 220 क्विंटल
• ट्रक TG12T4464 से 295 क्विंटल
• ट्रक AP07TB6888 से 250 क्विंटल
तहसीलदार लक्ष्मण राठिया और मंडी उपनिरीक्षक देवराज ठाकुर के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में अधिकारियों ने परिवहन से जुड़े सभी दस्तावेजों की गहन जांच की। वैधता साबित न कर पाने पर तीनों वाहनों को तत्काल जब्त कर लिया गया। अब पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि धान किस उद्देश्य से और किसके आदेश पर छत्तीसगढ़ भेजा जा रहा था।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश की खरीदी व्यवस्था को दुरुपयोग से बचाने के लिए भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई तेज की जाएगी। सीमावर्ती चेकपोस्टों पर सख्त निगरानी जारी रहेगी, ताकि बाहरी राज्यों से धान की अवैध आवाजाही पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके।





