रायगढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: 10 प्रतिष्ठानों की जांच, 25 सैंपल लैब भेजे; त्यौहार बाद मिलावट की आशंका पर सख्ती

त्यौहारों के बाद खाद्य सामग्रियों में मिलावट की आशंका को देखते हुए रायगढ़ में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने सोमवार को बड़े पैमाने पर जांच अभियान चलाया। शहर के प्रमुख बाजारों, होटलों, रेस्टोरेंट और नाश्ता केंद्रों में निरीक्षण करते हुए टीम ने कुल 10 प्रतिष्ठानों की जांच की और 25 खाद्य सामग्रियों के नमूने लेकर उन्हें राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेज दिया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सरिता पटेल के नेतृत्व में टीम ने बाजारों में स्वच्छता, कच्चे माल की गुणवत्ता, पैकेजिंग और लेबलिंग की स्थिति का निरीक्षण किया। कई दुकानों एवं रेस्टोरेंट में संदेहास्पद खाद्य उत्पाद मिलने पर उन्हें नियमानुसार सील किया गया और नमूने जांच के लिए भेजे गए। निरीक्षण के दौरान टीम ने जिन प्रतिष्ठानों की जांच की उनमें अजय प्राविजन स्टोर, गुड्डू कैंटीन, अंजलि बेकरी, आरव ट्रेडर्स, आमंत्रण रेस्टोरेंट, शर्मा मार्केटिंग, आयुष ट्रेडिंग, शर्मा ट्रेडिंग, साहिल ट्रेडिंग और विशाल जनरल स्टोर शामिल हैं।
टीम ने जिन खाद्य सामग्रियों के नमूने लिए उनमें लाल मिर्च पाउडर, चना सत्तु, इडली मिक्स, वेज मंचूरियन मिक्स, मसाले, नमकीन, बेकरी प्रोडक्ट, तेल, मिश्रित दालें और फास्ट फूड से जुड़ी सामग्रियां शामिल हैं। इसके अलावा कई स्थानों पर साफ-सफाई में लापरवाही और खाद्य पदार्थों के गलत तरीके से भंडारण जैसी कमियां भी देखी गईं, जिन पर संबंधित प्रतिष्ठानों को सुधार के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी सरिता पटेल ने बताया कि सभी नमूनों को लैब भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद यदि किसी भी उत्पाद में मिलावट, अमानक गुणवत्ता या अन्य नियम उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 तथा नियम 2011 के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर मामले न्यायालय भी भेजे जाएंगे।
त्यौहारों के बाद मिलावटखोरी बढ़ने की आशंका को देखते हुए विभाग ने आगे भी ऐसे निरीक्षण जारी रखने की बात कही है, ताकि लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जा सके।





