सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर ‘यूनिटी मार्च’ के लिए 68 युवा हुए रवाना, मुख्यमंत्री साय ने दिखाई हरी झंडी

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के कार्यालय से प्रदेश के 68 युवाओं के दल को हरी झंडी दिखाकर गुजरात के लिए रवाना किया। ये सभी युवा सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर करमसद से केवड़िया तक होने वाली राष्ट्रीय पदयात्रा में हिस्सा लेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने 562 रियासतों को एकजुट कर अखंड भारत की मजबूत नींव रखी। उनकी इच्छाशक्ति और नेतृत्व से पूरा देश एक सूत्र में बंधा। उन्होंने बताया कि हाल ही में केवड़िया में आयोजित भारत पर्व में भाग लेने के दौरान उन्होंने स्टैच्यू ऑफ यूनिटी का दर्शन किया और भारत की एकता की शानदार झलक देखी। वहाँ छत्तीसगढ़ की संस्कृति और व्यंजनों का भी विशेष प्रदर्शन किया गया था।
उन्होंने कहा कि 26 नवंबर से 6 दिसंबर तक होने वाले ‘यूनिटी मार्च’ में छत्तीसगढ़ के युवा भी पूरे देश के जनप्रतिनिधियों के साथ कदम मिलाएँगे, जो गर्व की बात है।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि देश की सांस्कृतिक और भौगोलिक एकता को मजबूत बनाने में सरदार पटेल का योगदान अद्वितीय है। उन्होंने युवाओं को शुभकामनाएँ दीं।
जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने भी युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए पदयात्रा में उनके सफल सहभागिता की शुभेच्छा दी।





