दुर्ग में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण पर बैठक, कलेक्टर ने प्रक्रिया को निष्पक्ष और त्रुटिरहित बनाने पर दिया जोर

दुर्ग। आगामी निर्वाचक नामावली विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को लेकर जिला कार्यालय दुर्ग में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी अभिजीत सिंह की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य 1 जनवरी 2026 को अर्हता तिथि मानकर जिले की मतदाता सूची को पूरी तरह सही और त्रुटिरहित बनाना था।
बैठक में बताया गया कि जिले के सभी मतदान केंद्रों पर बूथ लेवल अधिकारी (BLO) सक्रिय रूप से घर-घर जाकर गणना पत्रक वितरित कर रहे हैं और उन्हें भरवाकर वापस ले रहे हैं। राजनीतिक दलों ने भी इस काम में सहयोग के लिए अपने-अपने बूथ लेवल एजेंट नियुक्त किए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि गणना पत्रक पर फोटो लगाना जरूरी नहीं है, लेकिन जिन मतदाताओं की फोटो धुंधली या पुरानी है, वे नई फोटो देकर अपडेट करा सकते हैं। BLO ऐप में भी फोटो कैप्चर की सुविधा उपलब्ध है।
सभी BLO को पर्याप्त संख्या में फॉर्म-6 उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि नए मतदाताओं या स्थानांतरित मतदाताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। कलेक्टर ने कहा कि जो लोग अपने नए क्षेत्र में नाम जोड़वाना चाहते हैं, वे फॉर्म-6 भरकर आसानी से सूची में अपना नाम दर्ज करा सकते हैं।
कलेक्टर ने निर्देश दिया कि BLO गणना पत्रक का वितरण और संग्रहण घर-घर जाकर ही करें, ताकि कोई भी मतदाता प्रक्रिया से छूट न जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि BLO यदि किसी स्थान पर बैठकर फॉर्म भरवा रहे हैं, तो वह स्थान पूरी तरह तटस्थ हो और किसी भी राजनीतिक दल से संबंध न रखे, ताकि चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष बनी रहे।
मतदाताओं की सुविधा के लिए यह भी बताया गया कि वर्ष 2003 की छत्तीसगढ़ मतदाता सूची अब मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी की वेबसाइट पर उपलब्ध है। जो नागरिक उस समय राज्य में नहीं थे, वे भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर अपना पुराना विवरण खोज सकते हैं।
बैठक में सभी राजनीतिक दलों से अपील की गई कि वे पुनरीक्षण कार्यक्रम के प्रचार-प्रसार में सहयोग करें। साथ ही जिले के लोगों से भी आग्रह किया गया कि वे सक्रिय रूप से इस अभियान का हिस्सा बनें, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह सही, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाई जा सके।





