रायपुर में झाड़ियों में मिली नाबालिग की लाश, पुलिस ने जताई हत्या की आशंका

रायपुर के राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र में 16 साल की एक नाबालिग लड़की का शव झाड़ियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। लड़की दो दिन पहले घर से निकली थी और फिर वापस नहीं लौटी। परिवार उसे तलाश रहा था, लेकिन शनिवार दोपहर स्थानीय लोगों ने एक खाली प्लॉट में शव देख पुलिस को सूचना दी। लाश की हालत देखकर पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है।
मृतका काशीराम नगर की रहने वाली थी और पार्टियों में कैटरिंग का काम करती थी। परिवार के अनुसार वह गुरुवार शाम को घर से निकली थी। वह कई बार दो-तीन दिन में लौटती थी, इसलिए परिवार ने सोचा कि वह काम से गई है और वापस आ जाएगी। परिजनों ने बताया कि लड़की की किसी से दुश्मनी नहीं थी। पढ़ाई वह पहले श्यामनगर में और बाद में कटोरा तालाब स्कूल में कर चुकी थी।
पुलिस के अनुसार शव की स्थिति संदिग्ध है, जिससे लगता है कि हत्या कर शव को सुनसान इलाके में फेंका गया है। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड ने घटनास्थल पर जांच की। पुलिस आसपास के CCTV फुटेज भी खंगाल रही है। नाबालिग के परिवार और परिचितों से भी पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट पता चलेगा।
ASP दौलत राम पोर्ते ने बताया कि शुरुआती जांच में यह मामला मर्डर का लग रहा है और पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। घटनास्थल से मिले शुरुआती सबूत भी संदेह पैदा कर रहे हैं। शव को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया गया है।
घटना ने राजधानी में सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ा दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।





