CGPSC फर्जीवाड़ा केस: मीशा कोशले और दीपा आदिल को CBI कोर्ट से जमानत

रायपुर। CGPSC फर्जीवाड़ा मामले में आरोपी मीशा कोशले और दीपा आदिल को आखिरकार CBI कोर्ट से जमानत मिल गई है। दोनों ने कोर्ट में जमानत के लिए आवेदन लगाया था। बचाव पक्ष ने दलील दी कि इसी मामले में बाकी आरोपियों को सुप्रीम कोर्ट पहले ही जमानत दे चुका है, इसलिए इन दोनों को भी राहत मिलनी चाहिए।
कोर्ट ने सभी पक्षों की सुनवाई के बाद दोनों को जमानत दे दी। बता दें कि मीशा और दीपा, मामले के मुख्य आरोपी रहे टामन सिंह सोनवानी की बहू और भतीजी हैं।
कुछ दिनों पहले सुप्रीम कोर्ट ने इसी घोटाले के चार अन्य आरोपियों नितेश सोनवानी, साहिल सोनवानी, शशांक गोयल और भूमिका कटियार, को भी जमानत दी थी। ये सभी कई महीनों से रायपुर जेल में बंद थे।
हालांकि, CGPSC के पूर्व चेयरमैन टामन सिंह सोनवानी और परीक्षा नियंत्रक आरती वासनिक अभी भी न्यायिक हिरासत में जेल में हैं।





