सऊदी अरब में भीषण बस दुर्घटना, उमरा के लिए गए 42 भारतीय श्रद्धालुओं की मौत

सऊदी अरब में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें उमरा अदा करने गए 42 भारतीय श्रद्धालुओं की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालुओं से भरी बस मक्का से मदीना की ओर जा रही थी। रास्ते में मुफरिहात क्षेत्र के पास बस का डीजल टैंकर से जोरदार टकराव हुआ, जिससे बस में भीषण आग लग गई और अधिकांश यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
स्थानीय समय के अनुसार दुर्घटना तड़के हुई, जबकि भारत में यह घटना लगभग 1:30 बजे (IST) के आसपास दर्ज की गई। बस में उमरा यात्रियों की बड़ी संख्या सवार थी, जिनमें अधिकांश भारतीय थे। टक्कर इतनी भयानक थी कि बचाव कर्मियों को कई शवों की पहचान करने में भी कठिनाई आई।
हादसे के तुरंत बाद सऊदी पुलिस और रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। गंभीर रूप से घायल लोगों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत अभी भी नाजुक बताई जा रही है। शुरुआती जांच के अनुसार, टक्कर के बाद बस में आग तेज़ी से फैल गई, जिसके कारण यात्रियों को बाहर निकलने का समय नहीं मिला।
भारतीय दूतावास भी सक्रिय mode में आ गया है और स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर मृतकों की पहचान, दस्तावेज़ीकरण और अंतिम व्यवस्थाओं में जुटा है। विदेश मंत्रालय ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि पीड़ित परिवारों को हर संभव सहायता दी जाएगी।
उधर, हादसे की खबर फैलते ही भारत में पीड़ितों के परिजनों में मातम का माहौल है। कई परिवारों के लिए यह उनका पहला उमरा था, लेकिन दुर्घटना ने उनकी खुशियों को गहरे दर्द में बदल दिया। सऊदी प्रशासन ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि दुर्घटना ड्राइवर की गलती, तकनीकी खराबी या किसी अन्य कारण से हुई।
इस भीषण त्रासदी ने एक बार फिर यह सवाल उठाया है कि लगातार होने वाले सड़क हादसों में लंबे मार्गों पर चलने वाली बसों की सुरक्षा व्यवस्था को सख्त और सक्षम बनाने की आवश्यकता है।





