बिलासपुर कोर्ट में हंगामा: उग्र भीड़ पर दो गैरज़मानती FIR दर्ज, कथावाचक की पेशी के दौरान बवाल

बिलासपुर। मंगलवार को बिलासपुर कोर्ट परिसर में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कथावाचक आशुतोष चैतन्य महाराज को पुलिस अदालत में पेश कर रही थी। पेशी के दौरान अचानक कुछ लोगों ने नारेबाज़ी और गाली-गलौज शुरू कर दी, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।
पुलिस ने तुरंत स्थिति संभाली और हंगामा करने वाले उपद्रवियों के खिलाफ दो अलग-अलग गैरज़मानती FIR दर्ज की हैं। दोनों मामलों में आरोपियों को नामजद भी किया गया है।
जानकारी के अनुसार, उग्र भीड़ ने पुलिस के काम में बाधा डालने की कोशिश की और कोर्ट परिसर में डर व अव्यवस्था फैलाने का प्रयास किया। इस पर पुलिस ने पहली FIR BNS की धारा 221, 132, 296, 351(2) और 3(5) के तहत दर्ज की है।
इसके अलावा, दूसरी FIR भी उसी समूह के खिलाफ दर्ज की गई है, जिसमें BNS की धारा 191(2), 221, 132, 296 और 351(2) शामिल हैं।
यह मामला 12 नवंबर का है, जब तखतपुर में भागवत कथा के दौरान कथावाचक ने सतनामी समाज पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। उस वक्त भी उनके खिलाफ एट्रोसिटी सहित कई धाराओं में कार्रवाई होकर गिरफ्तारी की जा चुकी थी।
लेकिन कोर्ट में पेशी के दौरान हुए इस नए बवाल ने स्थिति को और गंभीर बना दिया, जिसके बाद पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए हैं।





