Accident:दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर बड़ा हादसा, तेज रफ्तार कार खाई में गिरी; एक किशोर और बुजुर्ग सहित पांच की दर्दनाक मौत

Accident:दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हुआ, जिसमें पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना माही नदी के पास भीमपुरा गांव की है, जहां तेज रफ्तार से दौड़ रही एक कार अचानक नियंत्रण खोकर सड़क की रैलिंग तोड़ती हुई सीधे खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयानक था कि कार का आगे का हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और छत तक फट गई।
पुलिस के अनुसार, यह कार दिल्ली से गुजरात की ओर जा रही थी और सुबह लगभग 7 बजे हादसा हुआ। कार का नंबर एमएच03 ईएल 1388 है। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वाहन के कई हिस्से दूर जाकर गिरे, जबकि बंपर से नंबर प्लेट का हिस्सा भी काफी दूरी पर मिला।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि कार की स्पीड काफी ज्यादा थी। रफ्तार के कारण ड्राइवर वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार एक्सप्रेसवे की सुरक्षा रैलिंग को तोड़कर नीचे जा गिरी।
हादसे में जिन पांच लोगों की मौत हुई, उनकी पहचान गुलाम रसूल पिता इशाक चौधरी (70, कुर्ला मुंबई), खालिस पिता गुलाम रसूल चौधरी (वडोदरा), अब्दुल गुलाम पिता दानिश चौधरी (कुर्ला मुंबई), दानिश पिता उस्मान चौधरी (15, कुर्ला मुंबई) और दुर्गेश प्रसाद (35) के रूप में हुई है। बताया गया है कि सभी अहमदाबाद और मुंबई के रहने वाले थे और निजी काम से सफर कर रहे थे।
मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों की मदद से सभी शवों को कार से बाहर निकाला गया और रतलाम के सरकारी मेडिकल कॉलेज भेजा गया। परिजनों के आने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
सब इंस्पेक्टर प्रेमसिंह हटीला ने बताया कि टीम ने मौके का निरीक्षण किया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। प्राथमिक जांच में माना जा रहा है कि हादसे का मुख्य कारण ओवरस्पीडिंग है। पुलिस ने वाहन के क्षतिग्रस्त हिस्सों को जब्त कर लिया है और एक्सप्रेसवे पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी रिपोर्ट तैयार की जा रही है।





