अब पड़ेगी कड़ाके की ठंड! तीन राज्यों में शीतलहर का अलर्ट, दिल्ली समेत यूपी-बिहार में ठंड बढ़ेगी

दिल्ली। देशभर में मौसम ने करवट ले ली है। नवंबर के दूसरे सप्ताह में अब गुलाबी ठंड प्रचंड रूप लेती दिख रही है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि 9 से 11 नवंबर के बीच मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में शीतलहर का प्रभाव तेज रहेगा। इन राज्यों में न्यूनतम तापमान में भारी गिरावट दर्ज की जा सकती है।

IMD के मुताबिक, दक्षिण हरियाणा, उत्तर-पश्चिम भारत और उत्तरी मध्य महाराष्ट्र के मैदानी इलाकों में अगले 4-5 दिनों के भीतर तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट देखने को मिलेगी। राजस्थान में पहले ही शीतलहर की शुरुआत हो चुकी है, जहां न्यूनतम तापमान कई जगहों पर 10 डिग्री के नीचे पहुंच गया है।

उत्तर भारत में बर्फबारी और कोहरा

मौसम विभाग ने उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों—जैसे लाहौल-स्पीति, मनाली, चमोली, नैनीताल और मसूरी—में बर्फबारी की संभावना जताई है। जम्मू-कश्मीर में भी बर्फ गिरने और तेज हवाएं चलने का पूर्वानुमान है।

दक्षिण भारत में बारिश का दौर

दक्षिण भारत में 9 से 13 नवंबर तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। तमिलनाडु, केरल और माहे के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हो सकती है।

दिल्ली-NCR, यूपी और बिहार में ठंड का असर

दिल्ली में अगले सात दिनों के भीतर ठंड तेज होने की उम्मीद है। न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। सुबह हल्का कोहरा और शाम के समय ठंडी हवाएं चलेंगी। वहीं, उत्तर प्रदेश और बिहार में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन रात में तापमान में गिरावट से ठिठुरन बढ़ सकती है। पूर्वी यूपी और उत्तर-पश्चिम बिहार में शीतलहर चलने के आसार हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button