सूर्य किरण एयर शो से गूंजेगा रायपुर का आसमान, आकाश गंगा पैराट्रूपर्स दिखाएंगे 10 हजार फीट से करतब

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राजधानी रायपुर देशभक्ति और रोमांच के रंगों में रंगने को तैयार है। राज्योत्सव के रजत महोत्सव के समापन पर भारतीय वायुसेना की सूर्य किरण एयरोबेटिक टीम और आकाश गंगा पैराट्रूपर टीम पहली बार रायपुर के आसमान में अपने अद्भुत करतब दिखाने जा रही हैं।

यह भव्य एयर शो 5 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध तालाब के ऊपर आयोजित होगा। राज्योत्सव के अलंकरण समारोह से पहले सुबह 10 बजे से शुरू होने वाले इस शो में हजारों दर्शक वायुसेना की शौर्यपूर्ण उड़ानें और देशभक्ति से भरे नजारे देखेंगे। रविवार को पैराट्रूपर ट्रेनिंग स्कूल, आगरा से एक प्रशिक्षक रायपुर पहुंचे और पैराजंप की तैयारियों का निरीक्षण किया।

कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा के लिए रविवार को संभागायुक्त महादेव कावरे, आईजी अमरेश मिश्रा, कलेक्टर गौरव सिंह और एसएसपी लाल उम्मेद सिंह ने स्थल का दौरा किया। सोमवार को आठ सदस्यीय विशेषज्ञ टीम रायपुर पहुंचेगी, जो अंतिम तैयारियों को देखेगी।

वायुसेना अधिकारियों के अनुसार, सूर्य किरण टीम के नौ फाइटर जेट्स चार नवंबर को रिहर्सल करेंगे और पांच नवंबर को मुख्य प्रदर्शन देंगे। 40 मिनट तक चलने वाले इस शो में “बाम्ब बर्स्ट”, “हार्ट इन द स्काई” और “एरोहेड” जैसे शानदार फॉर्मेशन बनाए जाएंगे। लाल और सफेद रंग के हाक एयरक्राफ्ट्स जब आसमान में उड़ान भरेंगे तो रायपुर देशभक्ति की गूंज से भर उठेगा।

शो की सबसे रोमांचक झलक आकाश गंगा पैराट्रूपर टीम का प्रदर्शन होगा। विशेष कमांडो 10 हजार फीट की ऊंचाई से फ्री फॉल जंप करेंगे — यह वही तकनीक है जिसका इस्तेमाल दुनिया की शीर्ष स्पेशल फोर्सेज करती हैं। जवान विमान से कूदने के बाद तय ऊंचाई पर खुद पैराशूट खोलते हैं, जो अत्यंत जोखिम भरा लेकिन आकर्षक करतब होता है।

राज्योत्सव का यह आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय वायुसेना की वीरता, साहस और तकनीकी कौशल से परिचित कराने का अवसर बनेगा। सूर्य किरण और आकाश गंगा टीम का यह प्रदर्शन न केवल रोमांचक होगा बल्कि हर नागरिक के मन में गर्व और देशभक्ति की भावना को भी प्रज्वलित करेगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button