धर्मेंद्र हेल्थ अपडेट: सांस लेने में परेशानी के बाद ICU में भर्ती, अब स्थिर है हालत

दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र की तबीयत को लेकर शुक्रवार रात उनके फैंस और पूरे बॉलीवुड में चिंता की लहर दौड़ गई। उन्हें सांस लेने में तकलीफ होने के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद धर्मेंद्र को आईसीयू में रखा, जहां उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
अस्पताल सूत्रों के अनुसार, धर्मेंद्र को अचानक सांस फूलने की शिकायत हुई थी, जिसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल लाया गया। जांच के दौरान पाया गया कि यह अस्थायी सांस संबंधी समस्या थी। अस्पताल के एक स्टाफ सदस्य ने बताया, “वह अब पूरी तरह स्थिर हैं। उनके सभी पैरामीटर सामान्य हैं — हार्ट बीट 70 और ब्लड प्रेशर 140/80 है। फिलहाल किसी गंभीर चिंता की बात नहीं है।”
धर्मेंद्र के अस्पताल में भर्ती होने की खबरें सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तरह-तरह की अटकलें लगाई जाने लगीं। कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया कि वह केवल रूटीन हेल्थ चेकअप के लिए अस्पताल गए थे, जबकि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि वह पिछले पांच दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं। हालांकि, डॉक्टरों ने यह साफ कर दिया है कि धर्मेंद्र की हालत नियंत्रण में है और जल्द ही उन्हें डिस्चार्ज कर दिया जाएगा।
इससे पहले भी धर्मेंद्र की सेहत को लेकर खबरें सामने आती रही हैं। साल की शुरुआत में उनकी आंखों की सर्जरी (कॉर्नियल ट्रांसप्लांट) हुई थी, जिसके बाद उन्होंने सोशल मीडिया पर अपने फैन्स को भरोसा दिलाते हुए कहा था, “मैं मजबूत हूं, अभी भी धर्मेंद्र में बहुत दम है।”
धर्मेंद्र जल्द ही अपनी नई फिल्म “इक्कीस” में नजर आने वाले हैं। यह फिल्म एक युद्ध आधारित ड्रामा है जिसमें उनके साथ अमिताभ बच्चन के पोते अगस्त्य नंदा और जयदीप अहलावत भी दिखाई देंगे। 8 दिसंबर को धर्मेंद्र 90 वर्ष के हो जाएंगे, और उनके फैंस उन्हें एक बार फिर बड़े पर्दे पर देखने के लिए बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
फिलहाल अस्पताल प्रशासन और परिवार ने सभी से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और धर्मेंद्र की शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करें।





