छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2025: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना की

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर स्थित कलेक्ट्रेट परिसर में छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया। इस दौरान उन्होंने पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली और सर्वांगीण विकास की कामना की।

मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ की पारंपरिक लोकसंस्कृति के अनुरूप विधिवत पूजा-अर्चना की और राज्य की मातृशक्ति, संस्कृति तथा स्वाभिमान की प्रतीक छत्तीसगढ़ महतारी को नमन किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ महतारी हमारी अस्मिता और आस्था का प्रतीक हैं, और उनके आशीर्वाद से ही प्रदेश निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है।

सीएम साय ने कहा कि यह भूमि मातृशक्ति की आराधना वाली भूमि है। छत्तीसगढ़ महतारी के आशीर्वाद से प्रदेश ने पिछले वर्षों में शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और उद्योग के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण, युवाओं को रोजगार, आदिवासी समाज की उन्नति और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री साय ने आगे कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य की रजत जयंती वर्ष नई ऊर्जा, नए संकल्प और नए उत्साह का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज का दिन विशेष रूप से गौरव का क्षण है, क्योंकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से यह उत्सव और भी ऐतिहासिक बन गया है। प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान राज्य में कई विकास योजनाओं की घोषणा की जाएगी, जो छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी और समृद्ध राज्यों की श्रेणी में ले जाएंगी।

इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और प्रबुद्धजन उपस्थित थे। कार्यक्रम स्थल पर पारंपरिक छत्तीसगढ़ी वाद्ययंत्रों की ध्वनि और लोकगीतों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। मुख्यमंत्री साय ने उपस्थित नागरिकों से राज्य की समृद्ध संस्कृति, एकता और प्रगति में योगदान देने का आह्वान किया।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button