छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर पीएम मोदी का रायपुर दौरा: नए विधानसभा भवन, डिजिटल ट्राइबल म्यूजियम और ब्रह्मकुमारी ध्यान केंद्र का किया लोकार्पण

रायपुर में शुक्रवार को छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य को कई सौगातें दीं। पीएम मोदी करीब साढ़े छह घंटे रायपुर में रहे और इस दौरान उन्होंने नवा रायपुर में बने नए विधानसभा भवन, देश के पहले डिजिटल ट्राइबल म्यूजियम और ब्रह्मकुमारी संस्थान के ‘शांति शिखर’ ध्यान केंद्र का उद्घाटन किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, दोनों उपमुख्यमंत्री और हजारों की संख्या में लोग मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए रायपुर एयरपोर्ट से नवा रायपुर तक विशेष वन-वे ट्रैफिक व्यवस्था की गई थी। पूरे मार्ग पर पारंपरिक परिधानों में आदिवासी नृत्य दलों ने स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर 27 हजार से अधिक हितग्राही और 10 पारंपरिक नृत्य दलों ने प्रस्तुति दी।
पीएम मोदी ने श्री सत्य साई संजीवनी चाइल्ड हार्ट हॉस्पिटल पहुंचकर 2,500 बच्चों से ‘दिल की बात’ की। ये वे बच्चे हैं जिनकी हृदय सर्जरी अस्पताल में निशुल्क की गई थी। प्रधानमंत्री ने इस सेवा की सराहना करते हुए कहा कि “स्वास्थ्य सेवा तभी सार्थक है जब वह हर जरूरतमंद तक मुफ्त और सुलभ रूप में पहुंचे।”
नवा रायपुर में प्रधानमंत्री ने जोधपुर के पत्थरों से बने भव्य ‘शांति शिखर’ मेडिटेशन सेंटर का उद्घाटन किया। यह भवन राजस्थानी महल की शैली में निर्मित है और इसमें ऑडिटोरियम, सेमिनार हॉल, ध्यान केंद्र और लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं हैं।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने नवा रायपुर में तैयार नए विधानसभा भवन का उद्घाटन किया। यह भवन इको-फ्रेंडली डिजाइन में बना है और 20.78 हेक्टेयर में फैला है। इसमें 120 विधायकों के बैठने की व्यवस्था, सेंट्रल हॉल, मीडिया लाउंज और आर्ट गैलरी जैसी सुविधाएं हैं। भवन के बाहर पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा भी स्थापित की गई है।
पीएम मोदी ने देश के पहले डिजिटल ट्राइबल म्यूजियम का भी शुभारंभ किया, जो आदिवासी नायकों के बलिदान और योगदान की कहानी बताता है। इस म्यूजियम के निर्माण पर करीब 50 करोड़ रुपए खर्च हुए हैं और इसे पूरी तरह डिजिटल इंटरएक्टिव तरीके से तैयार किया गया है।
छत्तीसगढ़ स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री मोदी ने राज्य के विकास की सराहना करते हुए कहा कि “छत्तीसगढ़ की संस्कृति, संसाधन और संकल्प भारत के विकास की नई ऊर्जा हैं।”





