रायपुर में मनाया गया राष्ट्रीय एकता दिवस: मुख्यमंत्री साय ने सरदार पटेल को दी श्रद्धांजलि, शामिल हुए ‘एकता दौड़’ में

रायपुर। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को राजधानी रायपुर के देवेंद्र नगर स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्होंने कहा कि सरदार पटेल सिर्फ स्वतंत्रता सेनानी नहीं, बल्कि वे ऐसे महान व्यक्तित्व थे जिन्होंने रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव रखी।
मुख्यमंत्री साय ने स्कूली बच्चों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के साथ शास्त्री चौक से शारदा चौक तक आयोजित ‘एकता दौड़’ में भाग लिया। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल को उनके अदम्य साहस और दूरदृष्टि के कारण ही ‘भारत का लौह पुरुष’ कहा जाता है।
साय ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आज पूरे देश में ‘रन फॉर यूनिटी’ आयोजित की जा रही है, जो राष्ट्रीय एकता और अखंडता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि भारत विविधताओं से भरा देश है और “विविधता में एकता” ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद बच्चों और प्रतिभागियों के उत्साह की सराहना की और सभी को ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को साकार करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम, वन मंत्री केदार कश्यप, विधायक किरण देव, विधायक पुरंदर मिश्रा और छत्तीसगढ़ लौह शिल्पकार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा समेत बड़ी संख्या में विद्यार्थी, जनप्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।





