राज्योत्सव की तैयारी पूरी: 1 नवंबर को प्रधानमंत्री मोदी करेंगे रजत जयंती समारोह का शुभारंभ

रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत जयंती महोत्सव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन से पहले नवा रायपुर स्थित कार्यक्रम स्थल पर गुरुवार को बड़े स्तर पर निरीक्षण किया गया।
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव, मंत्री केदार कश्यप सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान मंच, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, ट्रैफिक नियंत्रण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई।
अधिकारियों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी के स्वागत के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और प्रशासन की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं। आम लोगों की सुविधा के लिए पार्किंग, प्रवेश और निकास मार्गों के साथ आपातकालीन सेवाओं की भी पूरी व्यवस्था की गई है।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि “छत्तीसगढ़ के रजत जयंती वर्ष का यह समारोह प्रदेश के गौरव और विकास की प्रतीक होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आगमन हम सभी के लिए गर्व की बात है।” वहीं, मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि “यह आयोजन जनभागीदारी के साथ ऐतिहासिक रूप में मनाया जाएगा, ताकि छत्तीसगढ़ की संस्कृति और प्रगति का संदेश पूरे देश में पहुंचे।”
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी 1 नवंबर को सुबह रायपुर पहुंचेंगे और नवा रायपुर में राज्योत्सव का शुभारंभ करेंगे। इस दौरान वे कई विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे। राजधानी रायपुर से नवा रायपुर तक सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं और पुलिस ने सभी रूटों पर विशेष निगरानी शुरू कर दी है।





