भिलाई में लोन ऐप के नाम पर युवती से ठगी, आपत्तिजनक फोटो वायरल करने की धमकी देकर वसूले 6 हजार रुपये

दुर्ग जिले के भिलाई में एक युवती से ऑनलाइन लोन दिलाने के बहाने साइबर ठगी का मामला सामने आया है। युवती ने इंटरनेट पर लोन का विज्ञापन देखकर एक मोबाइल ऐप डाउनलोड किया था, जिसके जरिए ठगों ने उसके फोन का पूरा एक्सेस हासिल कर लिया। इसके बाद बांग्लादेश के नंबर से कॉल कर खुद को लोन कंपनी का प्रतिनिधि बताने वाले आरोपी ने युवती को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।

युवती ने पुलिस को बताया कि उसने ऐप के जरिए अपनी व्यक्तिगत जानकारी और दस्तावेज अपलोड किए थे, लेकिन उसे कोई लोन राशि प्राप्त नहीं हुई। कुछ दिनों बाद उसे व्हाट्सऐप पर विदेशी नंबर से कॉल आई, जिसमें आरोपी ने किश्त जमा करने का दबाव डाला। जब युवती ने कहा कि उसे कोई लोन नहीं मिला है, तो ठग ने उसकी फोटो एडिट कर आपत्तिजनक बना दी और सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी।

धमकियों से घबराकर युवती ने आरोपी को 6 हजार रुपये भेज दिए। इसके बाद भी ठग लगातार और पैसे की मांग करता रहा। ठगी का एहसास होने पर युवती ने जामुल थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धाराओं 67, 308(2) और 318(4) बीएन एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात ऐप या लिंक के जरिए लोन के लिए आवेदन न करें और संदिग्ध कॉल या मैसेज आने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button