पनवेल फार्महाउस कांड: बाथरूम में छिपा था स्पाई कैमरा, महिला कस्टमर की नजर पड़ी तो खुला राज, मैनेजर गिरफ्तार

महाराष्ट्र के नवी मुंबई से सटे पनवेल इलाके में एक फार्महाउस से शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां बाथरूम में छिपे स्पाई कैमरे का खुलासा तब हुआ, जब एक महिला कस्टमर की नजर उस पर पड़ी। मामला उजागर होने के बाद पुलिस ने फार्महाउस के मैनेजर मनोज चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके मोबाइल से 17 आपत्तिजनक वीडियो बरामद हुए हैं, जिनमें कुछ नाबालिग लड़कियों के वीडियो भी शामिल हैं। आरोपी को तीन दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, मनोज चौधरी (35) धनसागर गांव में ‘रियांश फार्महाउस’ चलाता है। पिछले सप्ताहांत एक परिवार फार्महाउस में ठहरा हुआ था। देर रात परिवार की एक महिला वॉशरूम में गई, जहां उसने बाथरूम के कोने में जलती हुई एक छोटी लाइट देखी। ध्यान से देखने पर पता चला कि वह एक स्पाई कैमरा है। घबराई महिला ने तुरंत मैनेजर को बुलाया, लेकिन जब वह उसके कमरे में पहुंची तो उसने देखा कि मनोज अपने मोबाइल में महिलाओं के बाथरूम के वीडियो देख रहा था। महिला ने परिजनों को सूचना दी और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
तलोजा पुलिस ने आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया और उसके मोबाइल की जांच में 17 अश्लील वीडियो बरामद किए। जांच में सामने आया कि आरोपी कई वीडियो डिलीट कर चुका था। अब साइबर एक्सपर्ट्स की मदद से डिलीट डेटा को रिकवर किया जा रहा है। पुलिस को मोबाइल में कुछ नाबालिग लड़कियों के वीडियो भी मिले, जिसके बाद पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी गई हैं।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी यह वीडियो बेचता था या किसी गिरोह के साथ मिलकर काम कर रहा था। पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी के सभी डिवाइस की फॉरेंसिक जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद पनवेल और तलोजा इलाके के अन्य फार्महाउसों और प्राइवेट होमस्टे की भी जांच की जा रही है, ताकि इस तरह के और गुप्त कैमरा नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके।





