अब पेंशन नहीं होगी महंगाई की मार से बेअसर, NPS में जल्द आ सकता है नया गारंटीड रिटायरमेंट प्लान

रिटायरमेंट के बाद की आर्थिक चिंता अब खत्म हो सकती है। पेंशन फंड रेगुलेटरी एंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (PFRDA) ने नेशनल पेंशन सिस्टम (NPS) के तहत एक बड़ा बदलाव प्रस्तावित किया है, जिसके तहत पेंशन को महंगाई दर से जोड़ा जाएगा। यानी जैसे-जैसे महंगाई बढ़ेगी, आपकी पेंशन भी बढ़ेगी। यह नया “इंफ्लेशन-लिंक्ड गारंटीड पेंशन स्कीम” रिटायरमेंट के बाद जीवनयापन को और सुरक्षित बनाएगा।
फिलहाल NPS में निवेशकों को निश्चित मासिक पेंशन की गारंटी नहीं होती। निवेश से मिलने वाला रिटर्न पूरी तरह बाजार पर निर्भर करता है। रिटायरमेंट के समय निवेशक को एक हिस्सा एकमुश्त मिलता है और बाकी से एन्युटी प्लान खरीदकर पेंशन दी जाती है। इसी व्यवस्था में सुधार के लिए PFRDA दो नए मॉडल पेश करने जा रहा है।
पहला मॉडल उन निवेशकों के लिए होगा जो फ्लेक्सिबिलिटी चाहते हैं। इसमें सिस्टेमैटिक विड्रॉल प्लान (SWP) और एन्युटी दोनों का मिश्रण होगा। इस योजना में निवेशक को रिटायरमेंट के बाद शुरुआती पेंशन राशि तय कैलकुलेशन के आधार पर मिलेगी। हर साल 0.25% की वृद्धि के साथ 10 वर्षों तक यह राशि बढ़ेगी। इसके बाद बची रकम से 20 साल की एन्युटी खरीदी जाएगी।
दूसरा मॉडल उन लोगों के लिए होगा जो निश्चित और महंगाई से जुड़ी पेंशन चाहते हैं। इस योजना के तहत रिटायरमेंट के पहले साल में तय पेंशन राशि दी जाएगी और हर साल यह राशि उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (CPI-IW) के आधार पर बढ़ेगी। यानी महंगाई जितनी बढ़ेगी, उतनी ही पेंशन में भी बढ़ोतरी होगी।
इस व्यवस्था को लागू करने के लिए निवेश को दो हिस्सों में बांटा जाएगा। एक हिस्सा सरकारी सिक्योरिटीज और उच्च रेटिंग वाले बॉन्ड में लगाया जाएगा ताकि स्थिर रिटर्न मिले, जबकि दूसरा हिस्सा 25% तक इक्विटी में निवेश किया जाएगा ताकि रिटर्न में ग्रोथ बनी रहे।
PFRDA का यह प्रस्ताव अगर लागू हुआ, तो यह भारत के करोड़ों नौकरीपेशा लोगों के लिए रिटायरमेंट को महंगाई-प्रूफ बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम साबित होगा।





