महाराष्ट्र की ‘लाडली बहन योजना’ का खर्च बजट से ज्यादा, RTI में बड़ा खुलासा

महाराष्ट्र सरकार की लोकप्रिय ‘लाडली बहन योजना’ को लेकर एक आरटीआई (RTI) में बड़ा खुलासा हुआ है। जानकारी के अनुसार, इस योजना के तहत जुलाई 2024 से जून 2025 तक कुल 43,045.06 करोड़ रुपये खर्च किए गए, जबकि सरकार ने इसके लिए 36,000 करोड़ रुपये का ही बजट निर्धारित किया था। यानी योजना पर करीब 7,000 करोड़ रुपये ज्यादा खर्च हो चुके हैं, जिससे राज्य के खजाने पर अतिरिक्त दबाव बढ़ गया है।
RTI रिपोर्ट में बताया गया है कि इस अवधि में लगभग 2.47 करोड़ महिलाओं को इस योजना का लाभ मिला। हालांकि, जून 2025 तक लाभार्थियों की संख्या में लगभग 9 प्रतिशत की कमी आई है, जिससे करीब 340.42 करोड़ रुपये की बचत दर्ज की गई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, योजना पर प्रति माह औसतन 3,587 करोड़ रुपये का खर्च हुआ। अगर लाभार्थियों की संख्या में आगे और कमी नहीं होती, तो आगामी वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए तय बजट पर और अधिक बोझ पड़ सकता है।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह खुलासा राज्य की वित्तीय स्थिति पर गंभीर प्रभाव डाल सकता है। सामाजिक कल्याण योजनाओं में बढ़ता खर्च जहां जनता के लिए राहतकारी है, वहीं यह सरकार की आर्थिक स्थिरता के लिए चिंता का विषय भी बन गया है।





