मन की बात में छत्तीसगढ़ का उल्लेख, सीएम विष्णु देव साय बोले – यह हर प्रदेशवासी के लिए गर्व की बात

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 127वें संस्करण में छत्तीसगढ़ के नवाचारों और माओवाद उन्मूलन के प्रयासों का जिक्र होना पूरे प्रदेश के लिए सम्मान की बात है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह हर छत्तीसगढ़वासी के लिए गर्व का क्षण है कि प्रधानमंत्री ने अंबिकापुर के ‘गार्बेज कैफे’ और भारतीय नस्ल के श्वानों की उपलब्धियों का विशेष रूप से उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री साय ने रायपुर के शांति नगर में ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुना और कहा कि यह मंच देशभर में हो रहे प्रेरणादायी और जनहितकारी कार्यों को राष्ट्रीय पहचान दिलाता है। उन्होंने कहा कि अंबिकापुर नगर निगम की अनूठी पहल ‘गार्बेज कैफे’ ने स्वच्छता और सामाजिक संवेदना का शानदार उदाहरण पेश किया है। इस कैफे में जो व्यक्ति एक किलो प्लास्टिक देता है, उसे दोपहर या रात का खाना मिलता है और आधा किलो प्लास्टिक देने पर नाश्ता दिया जाता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने छठ पर्व, सामाजिक एकता और माओवाद घटने पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि डबल इंजन की सरकार के प्रयासों से अब शांति और विकास गाँव-गाँव तक पहुँच रहा है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ जैसे अभियानों से अब उन इलाकों में भी दीप जल रहे हैं जहाँ कभी माओवादी आतंक का अंधेरा था।
साय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने भारतीय नस्ल के श्वानों को सुरक्षा एजेंसियों में शामिल करने की बात की, जो गर्व की बात है। छत्तीसगढ़ में एक देशी श्वान ने 8 किलो विस्फोटक ढूंढकर जवानों की जान बचाई, यह भारतीय नस्ल की क्षमता का प्रमाण है।
प्रधानमंत्री ने प्रकृति संरक्षण पर जोर देते हुए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से जुड़ने की अपील की। मुख्यमंत्री साय ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाना होगा।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने पुंगनूर नस्ल की गायों को चारा खिलाया और उनकी विशेषताओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा छत्तीसगढ़ के कार्यों की सराहना से प्रदेश के लोगों का हौसला और बढ़ा है।





