शिक्षा के मंदिर में शराब पार्टी! शिक्षकों की हरकत से डरे मासूम बच्चे

बिलासपुर। मस्तूरी विकासखंड के रहटाटोर गांव में स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय से एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां स्कूल समय में ही शिक्षकों ने स्कूल परिसर में शराब और मुर्गे की पार्टी कर दी। इस हरकत ने न केवल शिक्षा व्यवस्था को शर्मसार किया, बल्कि मासूम बच्चों को भी डरा दिया।
जानकारी के अनुसार, 7 अक्टूबर को सामाजिक अंकेक्षण कार्यक्रम के दौरान प्रधानपाठक राजेश्वर मरावी और शिक्षक मनोज नेताम समेत तीन शिक्षकों ने अतिथियों के स्वागत के नाम पर स्कूल में शराब पार्टी की। नशे में धुत शिक्षक बच्चों के सामने गाली-गलौज करने लगे, जिससे बच्चे डर गए और घर जाकर परिजनों को सारी बात बताई।
इस स्कूल में कुल 145 विद्यार्थी पढ़ते हैं और चार शिक्षक पदस्थ हैं, जिनमें से तीन पर गंभीर आरोप लगे हैं। बच्चों ने बताया कि शिक्षक अक्सर नशे की हालत में स्कूल आते हैं, गुटखा-खैनी खाते हैं और उनसे स्कूल की सफाई तक करवाते हैं।
इस घटना ने पूरे क्षेत्र में आक्रोश फैला दिया है। लोगों का कहना है कि शिक्षा विभाग की लापरवाही के कारण ऐसे शिक्षक बेखौफ होकर स्कूल को अपनी निजी अय्याशी का अड्डा बना रहे हैं। अब अभिभावक और ग्रामीण मांग कर रहे हैं कि दोषी शिक्षकों पर सख्त कार्रवाई की जाए ताकि बच्चों का भविष्य सुरक्षित रह सके।





