सीपत थाने में शौचालय पर पीएम-सीएम का पोस्टर लगा, भाजपा का हंगामा – थाना प्रभारी पर कार्रवाई की मांग

बिलासपुर। सीपत थाने में दिवाली से पहले एक बड़ी विवादित घटना सामने आई। यहां थाने परिसर के शौचालय के टूटे गेट की जगह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पोस्टर अस्थायी रूप से दरवाजे के रूप में लगाया गया। यह बात सामने आते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी आक्रोश फैल गया।
भाजपा के जिला ग्रामीण उपाध्यक्ष राज्यवर्धन कौशिक, मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा, उपाध्यक्ष अभिलेष यादव और भाजयुमो अध्यक्ष तुषार चंद्राकर समेत कई कार्यकर्ता थाने पहुंचे और नारेबाजी करते हुए थाना प्रभारी गोपाल सतपथी को हटाने की मांग की।
भाजपा नेताओं ने थाना प्रभारी पर अवैध शराब बिक्री और आपराधिक गतिविधियों को संरक्षण देने का भी गंभीर आरोप लगाया। हंगामे की सूचना पर डीएसपी निमितेश सिंह मौके पर पहुंचे और जांच कर दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपक शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि थाने के लोकार्पण के समय लगाया गया शिलालेख अब हटा दिया गया है। उन्होंने इसकी भी जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।





