सास-ससुर को पेट्रोल बम से जिंदा जलाया, दामाद गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां एक दामाद ने अपनी सास-ससुर को पेट्रोल बम से जिंदा जला दिया। इस घटना में ससुर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सास ने इलाज के दौरान तीसरे दिन दम तोड़ दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी दामाद सुरेश ठाकुर सहित दो साथियों को गिरफ्तार कर लिया है और बैकुंठपुर में उनका जुलूस निकाला।
जानकारी के मुताबिक, 13 अक्टूबर की देर रात बड़े साल्ही गांव में रायराम केंवट (60) और उनकी पत्नी पार्वती (59) अपने घर में सो रहे थे। तभी दो नकाबपोश युवक घर में घुसे, उन्होंने पेट्रोल डालकर आग लगा दी और बाहर से पेट्रोल बम फेंका। जोरदार विस्फोट में घर का सीमेंट शेड उड़ गया। रायराम की मौके पर मौत हो गई, जबकि पार्वती गंभीर रूप से झुलस गईं। उन्हें अंबिकापुर से रायपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।
मृतक की पत्नी ने मरने से पहले दिए बयान में बताया कि हमलावरों में उसका दामाद सुरेश ठाकुर भी शामिल था। सुरेश मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कानपुर का रहने वाला है। वह अपनी पत्नी जीनी के मायके आने से नाराज था। दोनों की शादी 10 साल पहले हुई थी, लेकिन विवाद के कारण जीनी छह महीने पहले बच्चों के साथ मायके लौट आई थी। सुरेश लगातार 10 लाख रुपये की मांग कर रहा था और कुछ महीने पहले साले पर गोली भी चला चुका था।
कोरिया पुलिस ने सुरेश ठाकुर, उसके साथी प्रदीप बैरागी (मंडला, मध्यप्रदेश) और सहदेव सूर्यवंशी (खड़गवां) को गिरफ्तार किया। सुरेश वारदात की रात 17 लीटर पेट्रोल लेकर बाइक से गांव पहुंचा था। उसने ससुर पर पेट्रोल डालकर आग लगाई और बम फेंककर फरार हो गया।
एसपी रवि कुर्रे ने बताया कि आरोपी बेहद शातिर है और लगातार अपना मोबाइल बंद रखता था ताकि लोकेशन ट्रेस न हो सके। सहदेव की निशानदेही पर पुलिस ने सुरेश को रतनपुर के पास से बस में गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से कट्टा, जिंदा कारतूस और घटना में इस्तेमाल बाइक जब्त की है।
पुलिस अब आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है।





