तेज रफ्तार बाइक की आमने-सामने टक्कर में तीन युवक गंभीर रूप से घायल

बिलासपुर। रतनपुर-कोटा मार्ग पर सोमवार शाम दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब युवक दिवाली के पटाखे खरीदकर लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, रतनपुर क्षेत्र के भैंसाझर गांव के युवराज सिंह अपने छोटे भाई आशु सिंह के साथ पटाखे खरीदने गया था। लौटते समय कल्हामार और मेन्द्रापारा के बीच दोनों बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सड़क पर बुरी तरह गिर पड़ीं और सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस गश्ती दल मौके पर पहुंचा और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें बिलासपुर के सिम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों बाइक तेज रफ्तार में थीं, जिससे यह टक्कर हुई। दोनों बाइकों को जब्त कर लिया गया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल घायलों की स्थिति नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।





