दिवाली 2025: उत्तर मध्य रेलवे ने यात्रियों के लिए चलाईं 44 विशेष ट्रेनें

उत्तर मध्य रेलवे ने दिवाली और छठ पूजा के अवसर पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए 44 विशेष ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। इस महीने कुल 374 फेरे लगाए जाएंगे और नवंबर में 276 फेरे अतिरिक्त चलाए जाएंगे। प्रयागराज जोन से ये ट्रेनें यात्री सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए संचालित की जा रही हैं। स्लीपर और सामान्य कोचों की संख्या भी बढ़ाई गई है ताकि यात्रियों को सफर में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
त्योहारी सीजन में बेंगलुरु राजधानी, मुंबई राजधानी और बिहार की ओर जाने वाली दर्जनभर ट्रेनों में भीड़ असाधारण रूप से बढ़ गई है। कई ट्रेनों में वेटिंग सूची 200 से अधिक पहुंच गई है। सामान्य, स्लीपर और एसी तृतीय श्रेणी कोचों में सबसे अधिक भीड़ देखी जा रही है। इस कारण यात्रियों को प्लेटफॉर्म पर खड़े होकर सफर करना पड़ रहा है।
रेलवे ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए नई व्यवस्थाएं लागू की हैं। आगरा कैंट और मथुरा स्टेशनों पर टिकट काउंटरों की संख्या बढ़ा दी गई है। इसके साथ ही प्लेटफॉर्म पर विशेष सफाई अभियान चलाया जा रहा है ताकि यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें। जनसंपर्क अधिकारी प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि अतिरिक्त कोच लगाने और फेरे बढ़ाने के साथ ही यात्री सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है।
इस त्योहारी सीजन में सबसे अधिक भीड़ हावड़ा-जोधपुर एक्सप्रेस, बीकानेर-हावड़ा एक्सप्रेस, कोटा-पटना एक्सप्रेस, छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस, कर्नाटक एक्सप्रेस, आगरा कैंट-अहमदाबाद एक्सप्रेस और दक्षिण एक्सप्रेस जैसी ट्रेनों में देखी जा रही है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे समय से स्टेशन पहुंचें और यात्रा के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें।
वहीं माल ढुलाई में रेलवे ने सितंबर 2025 में रिकॉर्ड आय अर्जित की। कुल 3,69,164 टन माल की ढुलाई से 47.61 करोड़ रुपये की आय हुई, जो पिछले वर्ष के 29.94 करोड़ रुपये से कहीं अधिक है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन से 106 रैक लदान के जरिए 45.84 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। यह त्योहारी सीजन रेलवे के लिए यात्री और माल ढुलाई दोनों दृष्टियों से लाभकारी साबित हो रहा है।





