गरीब रथ एक्सप्रेस में लगी भीषण आग, तीन कोच जलकर खाक; सभी यात्री सुरक्षित निकाले गए

अमृतसर से बिहार के सहरसा जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस में शनिवार सुबह अचानक आग लग गई। हादसे में ट्रेन के तीन कोच पूरी तरह जलकर खाक हो गए, लेकिन राहत की बात यह रही कि सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। किसी भी यात्री के हताहत होने की खबर नहीं है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब ट्रेन सिरहंद रेलवे स्टेशन से निकलकर अंबाला की ओर लगभग आधा किलोमीटर ही आगे बढ़ी थी। अचानक एक कोच से धुआं निकलता देखा गया, जिसके बाद ट्रेन को तुरंत रोक दिया गया। देखते ही देखते आग तीन कोचों में फैल गई और धुएं से पूरा इलाका भर गया।
जीआरपी सरहिंद के एसएचओ रतन लाल ने बताया कि ट्रेन रोकने के बाद यात्रियों को तुरंत बाहर निकाला गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। हालांकि तीन डिब्बे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं।
रेल मंत्रालय ने भी इस घटना पर बयान जारी किया है। मंत्रालय ने कहा कि आग पर नियंत्रण पा लिया गया है और किसी भी यात्री को कोई नुकसान नहीं हुआ है। आग लगने के कारणों की जांच के आदेश दिए गए हैं।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, तकनीकी कारण या शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन वास्तविक कारण जांच के बाद ही सामने आएगा। फिलहाल ट्रेन के क्षतिग्रस्त कोचों को हटाकर रेल मार्ग को फिर से शुरू करने की प्रक्रिया जारी है।
इस घटना के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल देखने को मिला, हालांकि रेलवे कर्मियों की तत्परता और यात्रियों की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया। रेलवे ने इस मामले में जांच रिपोर्ट जल्द पेश करने का आश्वासन दिया है।





