छत्तीसगढ़ में मौसम ने बदला मिजाज, धीरे-धीरे बढ़ेगी ठंड की दस्तक

छत्तीसगढ़ में दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई के साथ ही मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। प्रदेश में अब धीरे-धीरे ठंड की शुरुआत होने लगी है। रायपुर मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, फिलहाल प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा और आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश के आसार नहीं हैं। तापमान में भी कोई विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है।

मौसम विभाग ने बताया कि गुरुवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून की पूरे देश से औपचारिक विदाई हो चुकी है। इसके साथ ही पूर्वोत्तर मानसून तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक और केरल-माहे में सक्रिय हो गया है। इन इलाकों में बारिश की गतिविधियां शुरू हो गई हैं।

प्रदेश में फिलहाल किसी बड़े मौसम तंत्र का प्रभाव नहीं है। हालांकि, उत्तरी झारखंड और आसपास के क्षेत्रों में समुद्र तल से लगभग 3.1 किलोमीटर ऊपर ऊपरी हवा का एक चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, लेकिन इसका असर छत्तीसगढ़ पर नहीं पड़ेगा। गुरुवार को सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा।

रायपुर शहर के लिए स्थानीय पूर्वानुमान के अनुसार, आसमान आंशिक रूप से मेघमय रहेगा। अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र का कहना है कि अगले 24 घंटों तक मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन दो दिन बाद प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है।

 

मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक, आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट शुरू होगी और प्रदेश के उत्तरी इलाकों में ठंड का असर बढ़ने लगेगा। इससे सुबह और रात के तापमान में अंतर महसूस किया जाएगा। मानसून के पूरी तरह लौट जाने के बाद अब प्रदेश में सर्द हवाओं की दस्तक शुरू हो चुकी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button