बेटी ने की लव मैरिज, ससुर ने दामाद को कुल्हाड़ी से काटा

डिंडिगुल (तमिलनाडु)। तमिलनाडु के डिंडिगुल जिले में एक दर्दनाक वारदात ने सभी को झकझोर दिया। यहां 24 वर्षीय रामचंद्रन की उसके ससुर चंद्रन ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी (हंसिया) से काटकर हत्या कर दी। यह घटना शादी के सिर्फ तीन महीने बाद हुई।
जानकारी के अनुसार, रामचंद्रन और उसकी पत्नी आरती की मुलाकात इंस्टाग्राम पर हुई थी। दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ अंतर-जातीय विवाह किया था। रामचंद्रन दूध बेचने का काम करता था और रविवार शाम वह बाइक से कुज्हीपट्टी जा रहा था। रास्ते में उसके ससुर चंद्रन ने उसे कूत्ताथु अय्यंपलायम पुल के पास रोक लिया।
पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच किसी बात पर बहस हुई और गुस्से में चंद्रन ने हंसिया से रामचंद्रन पर कई वार कर दिए। उसके सिर, हाथ और पैरों पर गंभीर चोटें आईं और वह मौके पर ही गिर पड़ा। रामचंद्रन की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर नीलकोट्टई सरकारी अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी चंद्रन की तलाश में टीमें तैनात की हैं।
हालांकि, पुलिस ने इस हत्या को ऑनर किलिंग मानने से इनकार किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि “दोनों परिवार अनुसूचित जाति से नहीं हैं, इसलिए अभी यह सम्मान हत्या का मामला नहीं लगता। असली वजह की जांच की जा रही है।”
यह हत्या उस समय हुई है जब तमिलनाडु में कानून-व्यवस्था पर विपक्ष सवाल उठा रहा है। विपक्ष का कहना है कि राज्य में अपराध बढ़ रहे हैं, जबकि डीएमके सरकार का दावा है कि ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जा रही है।





