छिंदवाड़ा में बच्चों की मौत पर WHO सख्त, तीन कफ सिरप पर जारी की चेतावनी

दिल्ली। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में 23 बच्चों की मौत के बाद विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने दूषित कफ सिरप को लेकर सख्त रुख अपनाया है। WHO ने सोमवार को एक एडवाइजरी जारी कर श्रीसन फार्मास्युटिकल, रेडनेक्स फार्मास्युटिकल्स और शेप फार्मा की दवाओं पर चेतावनी दी है।
जानकारी के मुताबिक, छिंदवाड़ा जिले में कोल्ड्रिफ कफ सिरप पीने से नवजात बच्चों की हालत बिगड़ गई थी। जांच में सामने आया कि इस सिरप में डायथिलीन ग्लाइकॉल नामक रसायन की मात्रा तय सीमा से करीब 500 गुना ज्यादा थी। यह केमिकल बेहद जहरीला होता है और बच्चों के शरीर पर घातक असर डालता है।
WHO ने कहा है कि ये दूषित सिरप बच्चों के लिए गंभीर स्वास्थ्य जोखिम बन सकते हैं और कई मामलों में जानलेवा साबित हो सकते हैं। संगठन ने सभी देशों के अधिकारियों से अपील की है कि अगर उनके यहां ये दवाएं पाई जाएं तो तुरंत WHO को इसकी सूचना दें और बिक्री पर रोक लगाएं।
केंद्रीय औषधि मानक नियंत्रण संगठन (CDSCO) ने WHO को बताया है कि प्रभावित सिरप का सेवन 5 साल से कम उम्र के बच्चों ने किया था। हालांकि, भारत से इन सिरप का कोई निर्यात नहीं हुआ है और अवैध निर्यात का भी कोई सबूत नहीं मिला है।
अमेरिकी खाद्य एवं औषधि प्रशासन (USFDA) ने भी पुष्टि की है कि ये जहरीले सिरप अमेरिका नहीं भेजे गए थे। फिलहाल, भारत में कई राज्यों ने कोल्ड्रिफ और अन्य संदिग्ध कफ सिरप की बिक्री पर प्रतिबंध लगा दिया है।





