राशन दुकानों में आज ‘आयुष्मान कार्ड महाअभियान’, हर परिवार को मिलेगा स्वास्थ्य सुरक्षा कवच

बिलासपुर। स्वास्थ्य सुरक्षा को सशक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन 13 अक्टूबर को ‘आयुष्मान कार्ड महाअभियान’ चला रहा है। इस एक दिवसीय विशेष अभियान के तहत नगर निगम क्षेत्र के सभी 70 वार्डों की सरकारी राशन दुकानों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक शिविर आयोजित किए जाएंगे। अभियान का उद्देश्य प्रदेश की आम जनता को 5 लाख रुपए तक की निःशुल्क उपचार सुविधा उपलब्ध कराना है।

शहर में लगाए जाने वाले शिविरों में प्रत्येक परिवार के सभी सदस्यों के लिए अलग-अलग आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे, ताकि स्वास्थ्य सुरक्षा का लाभ सुनिश्चित हो सके। नागरिकों से अनुरोध है कि वे आधार कार्ड, राशन कार्ड और आधार से लिंक मोबाइल नंबर अवश्य साथ लाएं, ताकि पहचान सत्यापन के बाद कार्ड तुरंत जारी किया जा सके। कलेक्टर संजय अग्रवाल ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे इस महाअभियान में सक्रिय रूप से भाग लें और अपने परिवार के स्वास्थ्य सुरक्षा कवच का लाभ प्राप्त करें।

विशेष रूप से इस अवसर पर 70 वर्ष और उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों के लिए ‘वय वंदना कार्ड’ भी बनाए जाएंगे। जिन वरिष्ठ नागरिकों के आधार कार्ड में न्यूनतम आयु 70 वर्ष अंकित है, वे इस योजना के पात्र होंगे। ऐसे वरिष्ठ नागरिक जिन्हें पहले से सामान्य आयुष्मान कार्ड जारी किया जा चुका है, उन्हें 70 वर्ष पूर्ण होने पर केवाईसी कराना आवश्यक होगा, ताकि उन्हें अतिरिक्त लाभ प्राप्त हो सके।

इस अभियान के जरिए बिलासपुर के हर परिवार को स्वास्थ्य सुरक्षा कवच प्रदान किया जाएगा और जरूरतमंदों को इलाज की सुविधा निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। अभियान से न केवल स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि आम जनता में योजना की जागरूकता भी बढ़ेगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button