रायपुर में साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, ऑपरेशन शील्ड के तहत 11 ठग गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में साइबर पुलिस ने एक संगठित ठगी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। यह गिरोह सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर महिलाओं की फर्जी प्रोफाइल बनाकर लोगों से लाखों रुपये की ठगी कर रहा था। पुलिस ने ‘ऑपरेशन साइबर शील्ड’ के तहत कार्रवाई करते हुए इस गैंग के 11 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 36 मोबाइल फोन, कई सिम कार्ड और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए हैं।
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी इंस्टाग्राम, फेसबुक और यूट्यूब पर 262 फर्जी अकाउंट चलाते थे। इन प्रोफाइल्स पर असली महिलाओं की तस्वीरें लगाकर फर्जी मोबाइल नंबर शेयर किए जाते थे। जो लोग इन प्रोफाइल्स से संपर्क करते, उन्हें शादी के नाम पर या बॉयोडाटा दिखाने के बहाने पैसे भेजने के लिए कहा जाता था। जैसे ही पैसे खाते में आते, आरोपी नंबर और प्रोफाइल बदल देते थे।
पुलिस ने बताया कि यह गिरोह जमशेदपुर (झारखंड) और बिलासपुर (छत्तीसगढ़) से फर्जी कॉल सेंटर चला रहा था। इन कॉल सेंटरों के जरिए देशभर के सैकड़ों लोगों को ठगा जा चुका है। जांच के दौरान पुलिस ने 79 म्यूल बैंक खातों में संदिग्ध ट्रांजेक्शन पाए, जिनका इस्तेमाल ठगी की रकम को इधर-उधर करने में किया जाता था।
रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक अमरेश मिश्रा के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने इन खातों की जांच शुरू की। सुराग मिलने पर पुलिस ने झारखंड और छत्तीसगढ़ में एक साथ छापेमारी कर 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
जांच में यह भी सामने आया कि यह नेटवर्क पिछले दो साल से सक्रिय था और देश के विभिन्न राज्यों में लोगों को निशाना बना रहा था। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।
इस कार्रवाई से यह स्पष्ट हो गया है कि साइबर ठग अब न सिर्फ सोशल मीडिया बल्कि मैट्रिमोनियल साइट्स का भी गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान प्रोफाइल या संदिग्ध लिंक पर भरोसा न करें और संदिग्ध गतिविधि की तुरंत रिपोर्ट करें।





