छिंदवाड़ा में डॉक्टर का खुलासा: सभी बच्चों को कोल्ड्रिफ कफ सीरप लिखता था, पत्नी की मेडिकल से करवाता था बिक्री

मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा से एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां डॉ. प्रवीण सोनी पर कोल्ड्रिफ कफ सीरप की अनैतिक बिक्री कराने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि डॉक्टर सभी बच्चों को यही कफ सीरप लिखते थे और इसे अपनी पत्नी के मेडिकल स्टोर से ही बिकवाते थे।
पुलिस जांच में सामने आया है कि डॉक्टर मरीजों को पहले डोज खुद देते थे और बाकी दवा खरीदने के लिए अपनी पत्नी के मेडिकल स्टोर का नाम बताते थे। इस मामले के सामने आने के बाद परिजनों ने भी आरोप लगाया है कि डॉक्टर ने केवल वही सीरप लेने का दबाव बनाया और कोई अन्य विकल्प नहीं दिया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने डॉक्टर और मेडिकल स्टोर दोनों को सील कर दिया है। वहीं, डॉ. सोनी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए गए, तो यह डॉक्टर और दवा कारोबार के बीच एक अनैतिक गठजोड़ का गंभीर उदाहरण साबित होगा।





