सिंगर जुबीन गर्ग की मौत में नया मोड़: मैनेजर और ऑर्गेनाइजर पर हत्या का केस दर्ज

असम पुलिस ने सिंगर जुबीन गर्ग की सिंगापुर में हुई मौत को अब हत्या मानते हुए बड़ा कदम उठाया है। पुलिस ने जुबीन के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा और ईस्ट इंडिया फेस्टिवल के आयोजक श्यामकानु महंता के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। इससे पहले उनकी मौत का कारण स्कूबा डाइविंग बताया गया था, लेकिन अब सीआईडी ने मामले में हत्या की धारा भी जोड़ दी है।

पुलिस ने बुधवार को ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। जुबीन गर्ग 20 सितंबर को सिंगापुर में नॉर्थ ईस्ट इंडिया फेस्टिवल में हिस्सा लेने वाले थे, लेकिन उससे एक दिन पहले ही उनकी मौत हो गई थी। शुरुआती जांच में इसे हादसा माना गया, मगर पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण डूबना सामने आया, जिससे शक और गहरा हो गया।

अब तक इस मामले में चार गिरफ्तारियां हो चुकी हैं और कई लोगों से पूछताछ भी की गई है। जुबीन की पत्नी सैकिया गर्ग ने पहले ही मैनेजर पर शक जताया था।

सीआईडी की जांच टीम के प्रमुख एम.पी. गुप्ता ने बताया कि पूरी घटना सिंगापुर में हुई है, इसलिए एक टीम वहां जाकर जांच करेगी। इसके लिए सिंगापुर सरकार से अनुमति भी ले ली गई है।

शुरुआत में इस मामले में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 61(2) (आपराधिक षड्यंत्र) और 105 (गैर इरादतन हत्या) लगाई गई थी, लेकिन अब धारा 103 (हत्या) भी जोड़ दी गई है।

जुबीन गर्ग की मौत के बाद असम में गुस्सा भड़क गया था और 60 से ज्यादा FIR दर्ज हुई थीं। अब इस मामले में सीआईडी हर पहलू की गहराई से जांच कर रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button