बिलासपुर में महाअष्टमी पर दुर्गोत्सव का रंग, ड्रोन वीडियो में दिखी झांकियों की रोशनी

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में महाअष्टमी पर दुर्गोत्सव की धूम देखने को मिली। शहर के सबसे बड़े दुर्गा पंडाल के साथ-साथ अन्य पंडालों में भी आकर्षक झांकियां और रोशनी की सजावट ने शहर को जगमगा दिया। आदर्श दुर्गोत्सव समिति की ओर से फायर और लेजर लाइट शो आयोजित किया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
शहर के रेलवे परिक्षेत्र में नशा और मानसिक स्वास्थ्य पर जागरूकता लाने के लिए ‘मेंटल हॉस्पिटल’ थीम पर झांकी सजाई गई। इसमें दिखाया गया कि मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति कैसे व्यवहार करते हैं और उनका इलाज कैसे किया जाता है। इस झांकी के जरिए युवाओं और पेरेंट्स को सचेत किया जा रहा है।
रिवर व्यू में 25 फीट ऊंची मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित की गई थी। फायर शो में आसमान में सतरंगी रोशनी फैलती रही और लेजर लाइट शो ने शहर की खूबसूरती को और बढ़ा दिया। भिलाई विधायक देवेंद्र यादव भी इस आयोजन में मौजूद रहे।
सीएमडी कॉलेज परिसर में शीशमहल थीम पर पंडाल सजाया गया, जहां मां दुर्गा की आकर्षक प्रतिमा विराजमान थी। वहीं, भूत बंगले और रांची थीम पर बने पंडाल ने भी लोगों का ध्यान खींचा। शहर के अन्य हिस्सों जैसे गोंड़पारा, राम सेतु पुल, इंदिरा सेतु ब्रिज, नेहरू चौक, राजेंद्र नगर चौक, तारबाहर, रेलवे परिक्षेत्र, तेलीपारा और मध्यनगरी चौक में भी अलग-अलग थीम पर पंडाल सजाए गए।
तेलीपारा में राजवाड़ा पैटर्न पर मां का दरबार और महाभारत युद्ध पर आधारित झांकी ने लोगों को खूब आकर्षित किया। मध्यनगरी में कोलकाता थीम पर मां की 12 फीट की मूर्ति स्थापित की गई, जिसमें भगवान शंकर मां दुर्गा को मेहंदी लगाते हुए दिखाई दिए।
अष्टमी के दिन शहर में दुर्गोत्सव और झांकियों का नजारा देखने उमड़ी बड़ी संख्या में श्रद्धालु रात 4 बजे तक पंडालों में दर्शन और सजावट देखने पहुंचे। इस बार के पंडालों और झांकियों में मनोरंजन के साथ-साथ सामाजिक संदेश को भी प्रमुखता दी गई, जिससे नशा, मानसिक स्वास्थ्य और पारिवारिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता फैलाई जा रही है।
दुर्गोत्सव में खास आकर्षण रही थीम आधारित झांकियां
इस बार पंडालों में न केवल देवी की प्रतिमाओं का आकर्षक प्रदर्शन किया गया, बल्कि सामाजिक संदेश और चेतना को भी प्राथमिकता दी गई। पागलखाने की झांकी, शीशमहल थीम, भूत बंगले और राजवाड़ा पैटर्न जैसी झांकियां युवाओं और परिवारों को विशेष रूप से प्रभावित कर रही हैं। सोशल मीडिया पर इन झांकियों के वीडियो और तस्वीरें ट्रेंड कर रही हैं।





