आज़म खान रिहा, इरफान सोलंकी को जमानत; सपा सांसद रुचि वीरा बोलीं- अब बनेगी हमारी सरकार

समाजवादी पार्टी में इन दिनों सियासी हलचल तेज है। हाल ही में सपा नेता आज़म खान की रिहाई के बाद अब पूर्व विधायक इरफान सोलंकी को भी जमानत मिल गई है। इस पर समाजवादी पार्टी की सांसद रुचि वीरा ने खुशी जताते हुए कहा कि यह संकेत है कि अब परेशानियों का दौर खत्म होने वाला है और जल्द ही सपा की सरकार सत्ता में वापसी करेगी।

रुचि वीरा ने कहा कि कुछ ही दिन पहले आज़म खान जेल से बाहर आए और अब इरफान सोलंकी को भी जमानत मिल गई है। यह पार्टी के लिए बड़ी राहत की बात है। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके नेता हमेशा कटु वचन बोलते हैं और नफरत की राजनीति करते हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि कोर्ट के आदेश की अवमानना करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।

करीब 33 महीने बाद जेल से बाहर आए इरफान सोलंकी का कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। उनके समर्थकों ने “शेर आया, शेर आया” के नारे लगाए और खुशी जाहिर की। इरफान सोलंकी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि समर्थकों और चाहने वालों की वजह से ही उनकी पत्नी विधायक बनीं और आज वह भी आज़ादी का अनुभव कर रहे हैं।

वहीं, 23 महीने जेल में बिताने के बाद 23 सितंबर को आज़म खान को रिहाई मिली थी। उन पर कई आपराधिक मामले दर्ज थे जिनमें धोखाधड़ी और जालसाजी के आरोप शामिल थे। रामपुर की विशेष अदालत ने उन्हें, उनकी पत्नी तंजीम फातिमा और बेटे अब्दुल्ला आज़म खान को दोषी ठहराया था। हालांकि, बाद में तंजीम और अब्दुल्ला को जमानत मिल गई, लेकिन आज़म खान अन्य मामलों के कारण जेल में ही रहे।

आज सपा खेमे में यह माहौल बन रहा है कि बड़े नेताओं की रिहाई और जमानत से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है। पार्टी को उम्मीद है कि आने वाले चुनावों में यह घटनाएं जनता के बीच उनके पक्ष में माहौल बनाने का काम करेंगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button