बिहार चुनाव के लिए छत्तीसगढ़ के 13 अफसर बने पर्यवेक्षक

रायपुर। भारत निर्वाचन आयोग ने छत्तीसगढ़ के 11 आईएएस और 2 आईपीएस अफसरों को बिहार विधानसभा चुनाव और उपचुनाव के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। सभी अधिकारियों को 3 अक्टूबर को दिल्ली बुलाया गया है, जहां इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट सेंटर में ब्रीफिंग मीटिंग होगी।
निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट किया है कि बैठक में समय पर मौजूद रहना जरूरी है। अनधिकृत अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया जाएगा और अनुशासनात्मक कार्रवाई भी हो सकती है। सभी अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर बैठक में उपस्थित होने की स्वीकृति और लिखित पुष्टि आयोग को भेजनी होगी।
पर्यवेक्षक बनाए गए अधिकारियों में आईएएस अफसर अब्दुल कैसर हक़, शम्मी आबिदी, भीम सिंह, शिखा राजपूत तिवारी, धर्मेश साहू, पीएस एल्मा, सारांश मित्तल, पुष्पेन्द्र मीणा, तारण प्रकाश सिन्हा, विनीत नंदनवार और रितुराज रघुवंशी शामिल हैं। वहीं आईपीएस अफसर डी. रविशंकर और गिरजा शंकर जायसवाल को भी पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।





