जनता दर्शन में पीड़ित मां की गुहार सुन भावुक हुए योगी, कैंसर मरीज बेटे को भेजा अस्पताल

शारदीय नवरात्रि के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान कानपुर से आई एक बुजुर्ग मां ने अपने कैंसर पीड़ित बेटे का दर्द सुनाया। मां की पीड़ा सुनकर मुख्यमंत्री भावुक हो उठे और तुरंत बेटे को सरकारी एंबुलेंस से कल्याण सिंह सुपर स्पेशियिलिटी कैंसर इंस्टीट्यूट भेजने का आदेश दिया।
जनता दर्शन में सीएम योगी ने एक-एक कर सभी फरियादियों की बातें सुनीं और अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। करीब 50 से अधिक लोग अपनी समस्याओं के साथ पहुंचे थे। कानपुर की लगभग 64 वर्षीय महिला ने सीएम से कहा कि उनके जवान बेटे को कैंसर है और वह गरीबी की वजह से इलाज नहीं करा पा रही हैं। उनके पास आयुष्मान कार्ड भी नहीं है। महिला की गुहार सुनते ही मुख्यमंत्री ने तत्काल बेटे को अस्पताल भिजवाकर इलाज शुरू कराने का आदेश दिया।
सीएम योगी ने कहा कि सरकार हर पीड़ित की सेवा को नारायण सेवा मानकर काम कर रही है। प्रदेश के प्रत्येक नागरिक के चेहरे पर मुस्कान लाना सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इलाज के लिए किसी भी जरूरतमंद को निरंतर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
जनता दर्शन में अन्य लोगों ने भी अपनी समस्याएं रखीं। मथुरा-वृंदावन और लखनऊ से आए लोगों ने अवैध निर्माण की शिकायत की, जबकि नोएडा से पहुंचे पीड़ित ने साइबर फ्रॉड के मामले में कार्रवाई न होने पर अपनी बात रखी। बिजली, प्रशासन और पुलिस से जुड़ी शिकायतें भी मुख्यमंत्री के सामने आईं।
इस दौरान सीएम ने बच्चों को भी दुलार किया और उन्हें चॉकलेट-टॉफियां दीं। जनता दर्शन में उनका यह स्नेहिल रूप देखकर लोग भावुक हो गए। बुजुर्ग मां के आशीर्वाद और पीड़ितों की दुआओं के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोहराया कि उनकी सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है और जनता की सेवा ही उनका संकल्प है।





