गोवा में बीजेपी के खिलाफ आप का नया अभियान, ‘नहीं चाहिए गुंडाराज’

गोवा की सियासत में आम आदमी पार्टी (AAP) ने बीजेपी सरकार के खिलाफ बड़ा मोर्चा खोल दिया है। पार्टी ने शनिवार को राज्यव्यापी अभियान ‘गोवा को बीजेपी का गुंडाराज नहीं चाहिए’ की शुरुआत की। आप नेताओं का कहना है कि यह सिर्फ राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि हर गोवावासी की आवाज है, जो शांति, सुरक्षा और न्याय चाहता है।
आप का आरोप है कि कभी शांति और भाईचारे का प्रतीक रहा गोवा, अब अपराध और अराजकता का गढ़ बन चुका है। पार्टी ने पुलिस के आंकड़े गिनाते हुए कहा कि पिछले छह सालों में गंभीर अपराधों में 38 फीसदी से ज्यादा इजाफा हुआ है। 2017 में जहां 2,900 केस दर्ज हुए थे, वहीं 2024 में यह संख्या 4,050 से अधिक पहुंच गई। महिलाओं के खिलाफ अपराधों में भी 40 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। पिछले एक साल में ही 120 से ज्यादा हत्या या हत्या की कोशिश, 350 से ज्यादा महिलाओं पर हमले और 800 से ज्यादा चोरी-लूट के मामले सामने आए।
पार्टी ने आरोप लगाया कि बीजेपी राज में आम लोगों के बीच डर और असुरक्षा की भावना गहराई है। सामाजिक कार्यकर्ताओं और विपक्षी कार्यकर्ताओं पर हमले इसकी गवाही देते हैं। साथ ही आप का कहना है कि बीजेपी सरकार विकास के नाम पर गोवा की जमीन को प्राइवेट कंपनियों और बिल्डरों को बेच रही है। बीते कुछ सालों में 3,200 एकड़ से अधिक सरकारी और सामुदायिक जमीन सौंप दी गई, वह भी कई मामलों में स्थानीय लोगों की सहमति के बिना।
शिक्षा और बुनियादी ढांचे की बदहाली को भी आप ने मुद्दा बनाया है। पार्टी ने कहा कि राज्य की 72 फीसदी सड़कें मरम्मत की हालत में हैं और बरसात में कई इलाके तालाब में बदल जाते हैं। सरकार की इस नाकामी के खिलाफ अब तक 50 हजार से ज्यादा लोग हस्ताक्षर कर चुके हैं।
आप ने कहा कि यह चुनाव सिर्फ पार्टियों की जंग नहीं बल्कि गोवा के भविष्य की लड़ाई है। बीजेपी जहां डर और लूट के सहारे सत्ता में बने रहना चाहती है, वहीं आप शांति, पारदर्शिता और जनभागीदारी के बल पर गोवा को फिर से गौरवशाली राज्य बनाना चाहती है। पार्टी ने साफ कहा कि अब गोवा में गुंडाराज नहीं, जनता का राज चलेगा।





