मानसून की विदाई शुरू, कई राज्यों में बारिश से तबाही

दिल्ली। पिछले कुछ महीनों में अलग-अलग राज्यों में तबाही मचाने के बाद अब मानसून उत्तर भारत से लौटने लगा है। हालांकि, विदाई के दौरान भी मानसूनी हवाएं कई इलाकों पर कहर बरसा रही हैं। महाराष्ट्र के मराठवाड़ा में पिछले चार दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश ने बाढ़ जैसे हालात पैदा कर दिए हैं।
मौसम विभाग ने मंगलवार को उड़ीसा और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में तेज बारिश के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया। इसके अलावा बिहार, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, राजस्थान, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल और असम समेत पूर्वोत्तर राज्यों में येलो अलर्ट घोषित किया गया है।
पश्चिम बंगाल में जोरदार बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। राजधानी कोलकाता सहित कई जिलों में 10 लोगों की मौत हो गई है। कई निचले इलाकों में पानी भर गया, जिससे बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। राज्य सरकार ने सभी स्कूल और कॉलेज बंद रखने का आदेश दिया है। वहीं, बंगाल की खाड़ी में 25 सितंबर को निम्न दबाव बनने की संभावना जताई गई है, जिससे आसपास के इलाकों में भारी बारिश हो सकती है।
उड़ीसा, झारखंड और छत्तीसगढ़ के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। खासतौर पर रांची समेत झारखंड के कई जिलों में तेज बरसात की संभावना जताई गई है।
उत्तराखंड में मानसून की विदाई के साथ धूप खिली और तापमान 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, उत्तर प्रदेश में अगले दो दिन तक उमस भरी गर्मी रहेगी, लेकिन 26 सितंबर से पश्चिमी और पूर्वी यूपी में बारिश की संभावना है।
बिहार के पटना, नवादा, बेगूसराय, जहानाबाद, सिवान, सारण और समस्तीपुर में गर्मी बढ़ सकती है। हल्की बारिश से थोड़ी राहत मिलने की संभावना है।
राजधानी दिल्ली में भी अगले तीन दिनों तक बारिश की संभावना नहीं है। इस दौरान तापमान 35 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है, जिससे उमस लोगों को परेशान करेगी।





