सोने-चांदी की कीमतों में रिकॉर्ड उछाल, निवेशकों की बढ़ी दिलचस्पी

सोने और चांदी के दामों ने सोमवार को सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए। राष्ट्रीय राजधानी में सोना 2,200 रुपये की बड़ी तेजी के साथ 1,16,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। यह अब तक का सबसे ऊंचा स्तर है। वहीं, चांदी भी 4,380 रुपये की छलांग लगाकर 1,36,380 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, जो इसका सर्वकालिक उच्च स्तर है।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना शुक्रवार को 1,14,000 रुपये पर बंद हुआ था, जबकि अब यह 2,200 रुपये बढ़कर नए शिखर पर पहुंच गया। इसी तरह, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 2,150 रुपये की तेजी के साथ 1,15,650 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंचा। इस साल अब तक सोना करीब 37,250 रुपये यानी 47 प्रतिशत महंगा हो चुका है।
विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की संभावित नरमी और ब्याज दरों में कटौती की उम्मीद ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने की कीमतों को मजबूत किया है। साथ ही, डॉलर और बॉन्ड पर दबाव के कारण निवेशकों का रुझान कीमती धातुओं की ओर बढ़ा है। केंद्रीय बैंकों और एक्सचेंज-ट्रेडेड फंड्स में मजबूत निवेश ने भी इस तेजी को बल दिया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना 3,728 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया, जो अब तक का उच्चतम स्तर है।
चांदी ने भी इस साल जबरदस्त तेजी दिखाई है। 31 दिसंबर 2024 को चांदी 89,700 रुपये प्रति किलोग्राम पर थी, जो अब बढ़कर 1,36,380 रुपये हो गई है। यानी सिर्फ नौ महीनों में इसमें करीब 52 प्रतिशत का इजाफा हुआ है। विशेषज्ञों का मानना है कि वैश्विक स्तर पर बढ़ती अनिश्चितता और त्योहारों के मौसम की मांग ने भी सोना-चांदी की चमक को और बढ़ा दिया है।
निवेशक अब अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयरमैन जेरोम पावेल के भाषण और फेडरल ओपन मार्केट कमेटी के अधिकारियों की टिप्पणियों पर नजर गड़ाए हुए हैं, जिससे आगे की दिशा तय होगी। मौजूदा हालात को देखते हुए, त्योहारी सीजन में सोना-चांदी की कीमतों में और बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है।





