भारत-कनाडा रिश्तों में सुधार की शुरुआत, डोभाल से मिले कनाडाई NSA

भारत और कनाडा के बीच लंबे समय से चले आ रहे तनावपूर्ण रिश्तों में अब नरमी के संकेत दिखाई दे रहे हैं। कनाडा की राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) नथाली ड्रोइन और उप विदेश मंत्री डेविड मॉरिसन भारत पहुंचे, जहां उन्होंने भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल से मुलाकात की। इस बैठक को दोनों देशों के बीच रिश्तों में सुधार की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
जस्टिन ट्रूडो के प्रधानमंत्री रहते हुए भारत-कनाडा संबंधों में काफी कड़वाहट आ गई थी। ट्रूडो ने 2024 में आरोप लगाया था कि खालिस्तानी नेता हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत सरकार का हाथ है। इस बयान ने दोनों देशों के बीच तनाव को और गहरा कर दिया। इसके अलावा, कनाडाई अधिकारियों द्वारा भारत के गृह मंत्री अमित शाह पर अलगाववादियों को निशाना बनाने का आरोप लगाने से भी रिश्तों में खटास बढ़ गई थी। भारत ने इन सभी आरोपों को निराधार और बेतुका करार दिया था।
हालांकि अब हालात बदलते दिख रहे हैं। नई दिल्ली में हुई इस मुलाकात के दौरान सुरक्षा, व्यापार और ऊर्जा जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा की गई। भारत ने कनाडा से खालिस्तानी उग्रवाद और आतंकवादियों के प्रत्यर्पण का मुद्दा उठाया। वहीं, कनाडा ने आतंकवाद के खिलाफ सहयोग बढ़ाने और खुफिया जानकारी साझा करने पर सकारात्मक रुख दिखाया।
इस बातचीत को कूटनीतिक स्तर पर बड़ी पहल के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि दोनों देशों के बीच बढ़ते संवाद से भविष्य में रिश्तों में और सुधार होगा। अब देखना यह होगा कि बातचीत से शुरू हुई यह नरमी कितनी दूर तक जाती है और क्या भारत-कनाडा संबंध फिर से पुराने भरोसे के स्तर तक लौट पाते हैं।





