जीएसटी सुधार का तोहफ़ा: आईटीसी, एचयूएल, पीएंडजी और इमामी ने सस्ते किए आटा, तेल, साबुन और रोजमर्रा के सामान

जीएसटी सुधार के बाद देश की बड़ी एफएमसीजी कंपनियों ने उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए अपने घरेलू उत्पादों की कीमतों में कटौती का ऐलान किया है। 22 सितंबर से आईटीसी, एचयूएल, प्रॉक्टर एंड गैंबल और इमामी जैसी कंपनियों के प्रोडक्ट्स सस्ते मिलेंगे। सरकार ने हाल ही में जीएसटी स्लैब को चार से घटाकर दो कर दिया है—अब सिर्फ 5 और 18 प्रतिशत के दर स्लैब होंगे, जबकि लक्जरी सामानों पर 40 प्रतिशत टैक्स रहेगा।
प्रॉक्टर एंड गैंबल ने विक्स, हेड एंड शोल्डर्स, पैंटीन, पैम्पर्स और ओरल-बी जैसे उत्पादों की कीमतें घटा दी हैं। उदाहरण के तौर पर विक्स एक्शन 500 की कीमत 69 रुपये से घटाकर 64 रुपये कर दी गई है, जबकि हेड एंड शोल्डर्स कूल मेंथॉल शैम्पू (300 एमएल) 360 रुपये से घटकर 320 रुपये हो गया है। पैम्पर्स डायपर और बेबी वाइप्स पर भी जीएसटी कम होने से दाम घटाए गए हैं। जिलेट शेविंग क्रीम अब 40 रुपये और ओरल-बी टूथब्रश 30 रुपये में मिलेगा।
इमामी ने भी बोरोप्लस, नवरत्न तेल, झंडू बाम और केश किंग आयुर्वेदिक तेल जैसे उत्पादों की कीमतें कम की हैं। बोरोप्लस क्रीम (80 एमएल) 165 रुपये से घटकर 155 रुपये, नवरत्न तेल (180 एमएल) 155 रुपये से घटकर 145 रुपये और झंडू बाम (25 एमएल) 125 रुपये से घटाकर 118 रुपये हो गया है। साबुन में बोरोप्लस एंटीसेप्टिक मॉइस्चराइजिंग सैंडल सोप (छह का पैक) 384 रुपये से घटाकर 342 रुपये कर दिया गया है।
एचयूएल ने डव, लक्स, लाइफबॉय, क्लिनिक प्लस और सनसिल्क जैसे ब्रांड के उत्पाद सस्ते किए हैं। डव शैम्पू (340 एमएल) अब 490 की जगह 435 रुपये में मिलेगा। लाइफबॉय (चार का पैक) 68 रुपये से घटकर 60 रुपये और हॉर्लिक्स चॉकलेट (200 ग्राम) 130 रुपये से घटकर 110 रुपये कर दिया गया है। किसान केचप और जैम की कीमतों में भी कमी की गई है।
आईटीसी ने कहा है कि वह अपनी पूरी रेंज में जीएसटी सुधारों का लाभ उपभोक्ताओं तक पहुंचाएगी। कंपनी के मुताबिक, टैक्स में यह बदलाव न केवल उपभोक्ताओं को राहत देगा बल्कि खपत, निवेश और रोजगार को भी बढ़ावा देगा।
कुल मिलाकर, इस बार त्योहारी सीजन से पहले उपभोक्ताओं को रोजमर्रा की ज़रूरत के सामानों पर बड़ी राहत मिली है। इससे कंपनियों की बिक्री और देश की अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।





