DUSU चुनाव नतीजे आज, ABVP-NSUI आमने-सामने

दिल्ली। दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ (DUSU) चुनाव के नतीजे आज घोषित किए जाएंगे। गुरुवार को दो चरणों में वोटिंग हुई थी, जिसकी काउंटिंग सुबह 10 बजे से शुरू हो गई है। इस बार अध्यक्ष पद के लिए ABVP से आर्यन मान, NSUI से जोशलिन नंदिता चौधरी और लेफ्ट यूनियन से अंजलि सहित 21 उम्मीदवार मैदान में हैं। पिछले पांच चुनावों में से तीन बार अध्यक्ष पद ABVP ने जीता है, जबकि 2024 में NSUI के रौनक खत्री अध्यक्ष बने थे।
इस साल चुनाव प्रचार में बड़ा बदलाव किया गया। दिल्ली यूनिवर्सिटी प्रशासन ने प्रिंटेड पोस्टर, होर्डिंग और दीवारों पर ग्रैफिटी पर रोक लगाई। केवल हाथ से बने पोस्टर्स की अनुमति दी गई। दरअसल, 2024 में कैंपस में छपे पोस्टर्स से गंदगी फैलने के बाद हाईकोर्ट ने चुनाव नतीजों पर रोक लगा दी थी। इसी कारण इस बार नियम और कड़े किए गए।
वोटिंग के दौरान बवाल भी हुआ। किरोड़ीमल कॉलेज में ABVP और NSUI कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। ABVP ने आरोप लगाया कि मौजूदा अध्यक्ष रौनक खत्री बाहरी लोगों के साथ कॉलेज में घुसे और छात्रा से मारपीट की। वहीं, एक छात्रा ने भी आरोप लगाया कि खत्री और उनके साथियों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और पैर मारकर निकल गए।
दूसरी ओर, NSUI ने ABVP पर धांधली का आरोप लगाया। प्रत्याशी जोशलिन नंदिता चौधरी ने कहा कि सभी EVM पर ABVP प्रत्याशी आर्यन मान के नाम के आगे स्याही लगाई गई है। उन्होंने चुनाव अधिकारियों और कॉलेज प्रशासन पर पक्षपात का भी आरोप लगाया। NSUI ने कथित तौर पर इसकी तस्वीरें भी जारी की हैं। आज नतीजों से तय होगा कि दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र राजनीति में इस बार किसका पलड़ा भारी रहेगा।





