हिमाचल किन्नौर में बादल फटा, शिमला में लैंडस्लाइड; एमपी में सामान्य से ज्यादा बारिश
उत्तराखंड के चमोली में 14 लापता

दिल्ली। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और मध्य प्रदेश में लगातार बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। गुरुवार देर रात हिमाचल के किन्नौर जिले के थाच गांव में बादल फटने से दो गाड़ियां बह गईं। लोग आधी रात को ही घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर चले गए। शिमला के एडवर्ड स्कूल के पास लैंडस्लाइड हुआ, जिससे सर्कुलर रोड बंद हो गया। स्कूल में दो दिन की छुट्टी घोषित की गई है। कुमारसैन क्षेत्र में तीन मंजिला मकान धंस गया। प्रदेश में अब तक बारिश और भूस्खलन से 424 लोगों की मौत हो चुकी है।
उत्तराखंड के चमोली जिले के नंदनगर में भी बादल फटने से भारी तबाही हुई। करीब 35 मकान क्षतिग्रस्त हुए और 20 से ज्यादा लोग घायल हो गए। यहां 14 लोग अब भी लापता हैं और 200 से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। 10 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। देहरादून-मसूरी रोड क्षतिग्रस्त है, हालांकि मसूरी में मौजूद करीब 2 हजार टूरिस्ट सुरक्षित बताए गए हैं।
वहीं, मध्य प्रदेश में इस बार मानसून औसत से ज्यादा सक्रिय रहा। अब तक 1097.28 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 187.96 मिमी अधिक है। गुना में सबसे ज्यादा 1651 मिमी और खरगोन में सबसे कम 665.48 मिमी बारिश दर्ज की गई है।
उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले में रिहंद बांध इस साल पांचवीं बार ओवरफ्लो हुआ। कौशांबी में बिजली गिरने से दो महिलाओं की मौत हो गई। उधर, मणिपुर, जम्मू-कश्मीर और हैदराबाद से भी बारिश और बाढ़ की खबरें आई हैं। लगातार आपदाओं से कई राज्यों में जनजीवन प्रभावित है।





