दुबई प्रिंस बोले- गडकरी को छह महीने के लिए एक्सपोर्ट कर दीजिए, पीएम मोदी भी रह गए हैरान

केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का एक बयान इन दिनों चर्चा में है। उन्होंने हाल ही में एक जनसभा में किस्सा सुनाते हुए बताया कि जब दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान बिन मोहम्मद बिन राशिद अल मक्तूम भारत आए थे, तब उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मज़ाकिया अंदाज़ में कहा था कि “गडकरी को छह महीने के लिए दुबई एक्सपोर्ट कर दीजिए।” यह सुनकर वहां मौजूद सभी लोग हंस पड़े।
गडकरी ने बताया कि यह वाकया उस समय का है जब हैदराबाद हाउस में बैठक चल रही थी। बैठक में पीएम मोदी, कई मंत्री और दुबई के प्रिंस शामिल थे। चर्चा के दौरान प्रिंस ने पीएम मोदी से कहा कि अगर आप हम पर एहसान करना चाहते हैं तो गडकरी को कुछ महीनों के लिए हमारे यहां भेज दीजिए। बाद में उन्होंने गडकरी को दिल्ली के लीला होटल में भी बुलाया था।
अपने भाषण में गडकरी ने यह भी कहा कि उनके विभाग के काम की वजह से आज देशभर में सड़कों की हालत बेहतर हुई है। उन्होंने दावा किया कि सड़क निर्माण के क्षेत्र में अब तक सात से नौ वर्ल्ड रिकॉर्ड बने हैं। चाहे अरुणाचल प्रदेश हो, मेघालय हो या त्रिपुरा, हर जगह लोग और ऑटो ड्राइवर भी कहने लगे हैं कि सड़कें पहले से कहीं ज्यादा अच्छी हुई हैं।
गडकरी ने आगे कहा कि अब देश के हर जिले और गांव में सड़क के काम की चर्चा होती है। यही कारण है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत के काम की सराहना हो रही है। दुबई के क्राउन प्रिंस ने भी भारत की सड़क निर्माण परियोजनाओं की तारीफ की और मजाक में कहा कि ऐसे काम करने वाले मंत्री की जरूरत हमें भी है।
दुबई के क्राउन प्रिंस शेख हमदान इस साल 8 अप्रैल को भारत दौरे पर आए थे। इसी दौरान यह दिलचस्प वाकया हुआ, जिसका जिक्र अब गडकरी ने किया है। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर भी गडकरी के काम और उनके अंदाज़ की खूब चर्चा हो रही है।





