नाले की सफाई के दौरान जहरीली गैस से सफाईकर्मी की मौत, तीन घायल

दिल्ली। दिल्ली के अशोक विहार इलाके में मंगलवार देर रात नाले की सफाई के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सफाई करते समय नाले से अचानक जहरीली गैस निकल गई। इससे चार सफाईकर्मी बेहोश हो गए। उन्हें तुरंत बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
इस हादसे में 40 वर्षीय सफाईकर्मी अरविंद की मौत हो गई, जबकि अन्य तीन की हालत गंभीर बनी हुई है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहे हैं। हादसा एक अपार्टमेंट के पास नाले की सफाई के दौरान हुआ था।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर निगरानी रखी जा रही है। शुरुआती जांच में यह सामने आया है कि गैस के रिसाव के चलते सफाईकर्मी बेहोश हो गए।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना उचित सुरक्षा उपकरणों के नाले की सफाई कराई जा रही थी, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। पुलिस और निगम अधिकारियों ने मामले में लापरवाही की जांच शुरू कर दी है।





