PM मोदी को मिले 1300 तोहफों की ई-नीलामी आज से शुरू

दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को मिले 1300 से अधिक तोहफों की ई-नीलामी बुधवार से शुरू हो गई है। यह दिन खास इसलिए भी है क्योंकि आज पीएम मोदी का 75वां जन्मदिन है। केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने दिल्ली स्थित नेशनल गैलरी ऑफ मॉडर्न आर्ट (NGMA) में इसकी घोषणा की। नीलामी के लिए रखे गए उपहारों में पेंटिंग्स, कलाकृतियां और खेल संबंधी स्मृति चिन्ह शामिल हैं। इन्हें फिलहाल NGMA में प्रदर्शनी के लिए लगाया गया है।
PM मोमेंटोज वेबसाइट के अनुसार, नीलामी में देवी भवानी की मूर्ति, अयोध्या के राम मंदिर का नक्काशीदार मॉडल और पैरालंपिक खिलाड़ियों के जूते जैसे खास तोहफे शामिल हैं। देवी भवानी की मूर्ति का बेस प्राइज 1 करोड़ 3 लाख 95 हजार रुपए है, जबकि राम मंदिर का मॉडल 5.5 लाख और पैरालंपिक विजेताओं के तीन जोड़ी जूते 7.7 लाख रुपए से शुरू होंगे। ये पांचों वस्तुएं टॉप-5 की सूची में हैं।
इसके अलावा जम्मू-कश्मीर का पशमीना शॉल, नागा शॉल, तंजौर पेंटिंग, नटराज प्रतिमा और गुजरात की रोगन कला जैसी वस्तुएं भी आकर्षण का केंद्र हैं। ई-नीलामी 2 अक्टूबर तक चलेगी और इससे जुटाई गई धनराशि हर साल की तरह नमामि गंगे मिशन को दी जाएगी।
यह नीलामी सातवां संस्करण है। पहली बार जनवरी 2019 में नीलामी हुई थी और अब तक 50 करोड़ रुपए से अधिक जुटाए जा चुके हैं। 2024 में सबसे कम 600 वस्तुएं नीलामी के लिए आई थीं, जबकि पिछले साल पैरालंपिक विजेता निषाद कुमार के जूते 10 लाख रुपए में बिके थे। संस्कृति मंत्रालय ने कहा कि मोदी पहले प्रधानमंत्री हैं जिन्होंने अपने सभी उपहार एक नेक मिशन को समर्पित कर दिए हैं।





