पुरी बीच के पास छात्रा से गैंगरेप, तीन आरोपी गिरफ्तार

ओडिशा। ओडिशा के पुरी में 19 साल की एक कॉलेज छात्रा के साथ बीच के पास गैंगरेप की घटना सामने आई है। यह वारदात शनिवार की है, लेकिन पीड़िता ने सदमे में होने के कारण सोमवार को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
छात्रा ने बताया कि वह अपने दोस्त के साथ बलिहारचंडी मंदिर गई थी, जो समुद्र तट से लगभग 500 मीटर की दूरी पर है। मंदिर से निकलने के बाद दोनों नजदीक के एक जंगल क्षेत्र में पहुंच गए, जहां पहले से आरोपी मौजूद थे। आरोपियों ने दोनों का वीडियो बना लिया और ब्लैकमेल करते हुए पैसों की मांग की। पैसे देने से इनकार करने पर छात्र के हाथ बांध दिए गए और दो युवकों ने छात्रा के साथ दुष्कर्म किया।
पुरी एसपी प्रतीक सिंह ने बताया कि छात्रा मानसिक आघात में थी और दो दिन तक शिकायत दर्ज नहीं कर पाई। सोमवार को हिम्मत जुटाकर उसने FIR करवाई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपियों की तलाश की जा रही है।
यह घटना ओडिशा में छात्राओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है। इससे पहले भी 15 जून 2025 को गंजाम जिले के गोपालपुर बीच पर ऐसी ही वारदात हुई थी, जब एक छात्रा के साथ 10 युवकों ने गैंगरेप किया था। उस घटना में भी छात्रा के दोस्त को बंधक बनाया गया और सोशल मीडिया पर फोटो डालने की धमकी दी गई थी।
लगातार हो रही घटनाओं से बीचों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ऐसे इलाकों में सतर्क रहें और संदिग्ध गतिविधियों की तुरंत सूचना दें।





